Last Updated: September 24, 2026

Dainik Savera Times Logo

बच्चों को अंतर्राष्ट्रीय भ्रमण पर ले जाएगी हरियाणा सरकार : CM Nayab Singh Saini

July 24, 2026

बच्चों को अंतर्राष्ट्रीय भ्रमण पर ले जाएगी हरियाणा सरकार : CM Nayab Singh Saini

रोहतक : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत 2047 के संकल्प को साकार करने के लिए हरियाणा सरकार प्रतिभावान, संस्कारवान, ज्ञानवान, कुशल युवाओं की एक नई पीढ़ी तैयार कर रही है। इसी उद्देश्य से हरियाणा सरकार द्वारा शिक्षा में नवाचार, अनुसंधान, तकनीकी दक्षता को प्रोत्साहन दिया जा रहा है। सरकार ने एक ऐसी योजना तैयार की है, जिसके अंतर्गत विद्यार्थियों को अंतर्राष्ट्रीय भ्रमण पर ले जाया जाएगा, जिससे कि उनका दृष्टिकोण और बौद्धिक विकास हो सके।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी वीरवार को महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय रोहतक के राधाकृष्णन सभागार में आयोजित मेधावी छात्र सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस समारोह में हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा आयोजित की गई 10वीं, 12वीं व ओलंपियाड में प्रथम आने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा का अर्थ केवल एक डिग्री धारण करना नहीं है, शिक्षा ऐसी होनी चाहिए जो कि एक युवा को इस योग्य बनाए कि वह नौकरी मांगने वाला नहीं, अपितु स्वयं रोजगार का सृजन करने में सक्षम बन सके।

प्रदेश के सभी जिलों से आए मेधावी विद्यार्थियों को उन्होंने कहा कि यह मंजिल नहीं, लंबी यात्रा का पड़ाव है। अभी उन्हें और ऊंचाइयों को छूना है। उन्होंने कहा कि डिजीटल शिक्षा, एआई, रोबोटिक व इसरो, डीआरडीओ आदि की नई तकनीक बच्चों को सिखाने के लिए सरकारी स्कूलों में 391 एसटीईएम लैब स्थापित की जा चुकी हैं। राज्य के 250 विद्यालयों में अटल टिंकरिंग लैब 25 करोड़ रुपए की लागत से स्थापित की जा रही हैं। प्रदेश में हर दस किलोमीटर की दूरी पर राजकीय मॉडल संस्कृति विद्यालय स्थापित किए गए हैं।

आज प्रदेश में 468 पीएम श्री व मॉडल संस्कृति विद्यालय संचालित किए जा रहे हैं। राज्य में 250 उत्कृष्ट विद्यालय स्थापित किए जाएंगे, जिनमें हिंदी व अंग्रेजी दोनों माध्यम से विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर सकते हैं। इस अवसर पर सीएम के मीडिया सचिव प्रवीण अत्रे, भाजपा प्रदेश मीडिया सह प्रभारी शमशेर खरक, उपायुक्त सचिन गुप्ता, पुलिस अधीक्षक गौरव राजपुरोहित, एडीसी नरेंद्र कुमार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आयुष यादव, प्रादेशिक परिवहन प्राधिकरण के सचिव वीरेंद्र सिंह ढुल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें