Last Updated: September 20, 2026

Dainik Savera Times Logo

‘विकास की नई पटरी पर चल रहा हरियाणा’, जींद में बोले पीएम मोदी

July 17, 2026

‘विकास की नई पटरी पर चल रहा हरियाणा’, जींद में बोले पीएम मोदी

जींद: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को हरियाणा के जींद में लगभग 14,700 करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इसके बाद जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि बीते वर्षों में पूरा हरियाणा ही विकास की नई पटरी पर चल पड़ा है।

प्रधानमंत्री ने संबोधन में क्या कहा?

प्रधानमंत्री मोदी ने जींद की जनता को ‘राम-राम’ करते हुए अपने संबोधन की शुरुआत की। उन्होंने कहा, “मेरे लिए जींद आना पुरानी यादों का झरोखा खोलने जैसा है। कई दशक पहले मैं संगठन के काम से पहली बार जींद आया, फिर आप लोगों ने मुझे जो अपनत्व दिया, प्रेम दिया, वो मैं आज आजतक भुला नहीं हूं। इतने वर्षों में जींद के घी और जींद के घेवर तो नहीं बदले, लेकिन जींद के तेवर बदल गए हैं। आज जींद भाजपा-एनडीए के सुशासन मॉडल की तस्वीर बन रहा है।” उन्होंने कहा कि बीते वर्षों में पूरा हरियाणा ही विकास की नई पटरी पर चल पड़ा है। आज का कार्यक्रम भाजपा की डबल-इंजन सरकार के मिशन को नई ऊर्जा दे रहा है। आज जींद का हरियाणा का नाम इतिहास के पन्नों में दर्ज हो गया। आज यहां से देश को पहली हाइड्रोजन ट्रेन मिली है।

 

अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा, “भारत में पहली ट्रेन बॉम्बे से ठाणे के बीच चली थी। वैसे ही भविष्य में जब भी हाइड्रोजन ट्रेन का जिक्र आएगा, तो जींद, सोनीपत और हरियाणा का नाम आएगा। मैं आप सभी को पूरे देश को भारतीय रेल की आधुनिकता से जुड़े इस बड़े कदम के लिए बहुत-बहुत बधाई देता हूं।” इसी बीच, स्वच्छता पहलों के लिए जींद और हरियाणा के लोगों की प्रशंसा करते हुए पीएम मोदी ने कहा, “मैं जींद और हरियाणा के लोगों की सराहना करता हूं। ‘स्वच्छता से स्वागत’ पहल को जिस गंभीरता से लिया है, जिस तरह मेरे आने से पहले यहां के लोग स्वच्छता अभियान में नई ऊर्जा से जुटे हैं, वह दिल खुश कर देने वाला है।”

स्वच्छता को बनाएं संस्कार, विकास को दें नई रफ्तार

उन्होंने कहा, “पिछले एक सप्ताह से सोशल मीडिया में आपका सफाई अभियान चल रहा था। इसकी भारी चर्चा रही है, लेकिन कुछ लोगों ने यह भी कहा कि मोदी जी आप बार-बार आइए, ताकि हमारा जींद स्वच्छ रहे। जिस महाशय ने यह भाव व्यक्त किया है, मैं उनका आभार व्यक्त करता हूं।” पीएम मोदी ने आगे कहा, “अगर जींद के लोग तय कर लें कि हम कभी गंदगी नहीं करेंगे तो जींद कभी गंदा नहीं हो सकता है। मोदी के आने की जरूरत नहीं है, सिर्फ आप तय कर लें कि आप स्वच्छता को अपना स्वभाव, संस्कार और अपनी जिंदगी का हिस्सा बनाएंगे।”

 

इससे पहले, पीएम मोदी ने जींद में आयोजित कार्यक्रम में कुरुक्षेत्र में सिख म्यूजियम और 24.27 किलोमीटर लंबे हांसी-बरवाला ब्राउनफील्ड हाईवे प्रोजेक्ट का शिलान्यास किया। इसके अलावा, पीएम मोदी ने कुरुक्षेत्र एलिवेटेड रेलवे ट्रैक, दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे, अंबाला-काला अंब खंड, जींद-गोहाना हाईवे और अन्य प्रोजेक्ट्स को भी देश को समर्पित किया। उन्होंने भिवानी में पंडित नेकी राम शर्मा सरकारी मेडिकल कॉलेज व नारनौल में महर्षि च्यवन मेडिकल कॉलेज और राव तुला राम अस्पताल समेत प्रमुख चिकित्सा संस्थानों को राष्ट्र को समर्पित किया। वहीं, पीएम मोदी ने प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चाबियां भी सौंपीं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें