Site icon Dainik Savera Times

मशहूर रैपर Badshah फिर विवादों में घिरे, हरियाणा महिला आयोग ने भेजा समन; जानें वजह

haryana-womens-commission-summons-rapper-badshah

haryana-womens-commission-summons-rapper-badshah

नई दिल्ली: बॉलीवुड के मशहूर रैपर Badshah एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। उनका नया गाना ‘टटीरी’ रिलीज होने के बाद से लगातार चर्चा में है। गाने के कुछ बोल और वीडियो को लेकर कई लोगों ने आपत्ति जताई है, जिसके बाद मामला अब कानूनी कार्रवाई तक पहुंच गया है।

यह गाना 1 मार्च 2026 को यूट्यूब और अन्य म्यूजिक प्लेटफॉर्म पर रिलीज किया गया था। इस गाने को बादशाह के साथ सिमरन जागलान और हितेन ने गाया है। रिलीज के बाद गाने को लाखों लोगों ने देखा और अब तक इसे करीब 4.3 मिलियन व्यूज मिल चुके हैं।

नाबालिग लड़कियों को गलत तरीके से दिखाया

हालांकि, गाने के कुछ लिरिक्स को लोगों ने आपत्तिजनक और अश्लील बताया है। आरोप है कि गाने में महिलाओं और खासकर स्कूल यूनिफॉर्म में नाबालिग लड़कियों को गलत तरीके से दिखाया गया है। वीडियो में लड़कियों को हरियाणा रोडवेज की बस पर चढ़कर स्कूल बैग के साथ डांस करते और बैग फेंकते हुए दिखाया गया है, जिसे कई संगठनों ने गलत बताया है।

हरियाणा महिला आयोग ने भेजा समन

इस मामले को लेकर हरियाणा राज्य महिला आयोग ने स्वतः संज्ञान लिया है। आयोग ने रैपर बादशाह को 13 मार्च 2026 को सुबह 11:30 बजे पानीपत में सुनवाई के लिए पेश होने का नोटिस भेजा है। यह शिकायत नारी तू नारायणी संस्था की अध्यक्ष सविता आर्य और शिव आरती फाउंडेशन के प्रमुख शिव कुमार की ओर से की गई थी।

शिकायत में खास तौर पर गाने की एक लाइन “आया बादशाह डोली चढ़ाने, इन सबकी घोड़ी बनाने” पर आपत्ति जताई गई है। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि इस तरह के शब्द समाज और खासकर लड़कियों के लिए गलत संदेश देते हैं।

पंचकुला में भी बादशाह के खिलाफ एफआईआर दर्ज

इतना ही नहीं, इस मामले में हरियाणा के पंचकुला में भी बादशाह के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। यह केस साइबर क्राइम थाना सेक्टर-20 में दर्ज हुआ है। शिकायतकर्ता अभय चौधरी ने आरोप लगाया है कि गाने के वीडियो और बोलों में अशोभनीय शब्द और इशारे हैं।

पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 296 और महिलाओं का अभद्र प्रतिनिधित्व (Prohibition) Act, 1986 की धारा 3 और 4 के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल इस विवाद को लेकर बादशाह की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन गाने को लेकर सोशल मीडिया पर बहस लगातार तेज हो रही है।

Exit mobile version