Site icon Dainik Savera Times

महेंद्रगढ़ के तीन गांवों को ₹1.47 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात

₹1.47 Crore Development Boost for Three Villages : महेंद्रगढ़। विधायक कंवर सिंह यादव ने बुचावास, मुड़ायन और बवानिया गांवों को विकास परियोजनाओं की सौगात दी। बुचावास में 64 लाख रुपये की लागत से बने उप स्वास्थ्य केंद्र और मुड़ायन में 69 लाख रुपये की व्यायामशाला का उद्घाटन किया। वहीं, बवानिया में 14 लाख रुपये की लागत से बनने वाली बीसी चौपाल का शिलान्यास किया। विधायक ने कहा कि इन परियोजनाओं से ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं, सामाजिक गतिविधियों के लिए स्थान और युवाओं को व्यायाम की सुविधाएं मिलेंगी।

विधायक कंवर सिंह यादव ने गांव बुचावास में 64 लाख रुपये की लागत से बनकर तैयार हुए उप स्वास्थ्य केंद्र और गांव मुड़ायन में 69 लाख रुपये की लागत से तैयार व्यायामशाला का उद्घाटन किया।गांव बवानिया में 14 लाख रुपये की लागत से बनने वाली बीसी चौपाल का शिलान्यास किया। इन विकास कार्यों से ग्रामीणों को स्वास्थ्य, सामाजिक गतिविधियों और युवाओं को व्यायाम की सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। महेंद्रगढ़ विधायक कंवर सिंह यादव ने कहा कि महेंद्रगढ़ विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक गांव का सर्वांगीण विकास करवाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

उनका प्रयास है कि ग्रामीणों को गांव में ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं, सामाजिक कार्यक्रमों के लिए उचित स्थान और युवाओं को खेल एवं व्यायाम के लिए बेहतर संसाधन उपलब्ध हों। इसी उद्देश्य से गांव बुचावास मे उप स्वास्थ्य केंद्र का उद्घाटन, गांव बवानिया में बीसी चौपाल का शिलान्यास,गांव मुड़ायन में व्यायामशाला का उद्घाटन किया गया है। ये तीनों परियोजनाएं ग्रामीणों की आवश्यकताओं को पूरा करने के साथ-साथ क्षेत्र के विकास को नई दिशा देंगी। उन्होंने कहा कि उप स्वास्थ्य केंद्र से ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा, बीसी चौपाल सामाजिक एकता और सामुदायिक गतिविधियों को बढ़ावा देगी,व्यायामशाला युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और शारीरिक रूप से मजबूत बनने के लिए प्रेरित करेगी।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार गांवों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार करने और प्रत्येक वर्ग तक विकास का लाभ पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों का वास्तविक उद्देश्य आमजन की समस्याओं का समाधान करना और उनके जीवन स्तर में सकारात्मक सुधार लाना है। महेंद्रगढ़ विधानसभा क्षेत्र में जनता की जरूरतों के अनुरूप विकास परियोजनाओं को प्राथमिकता दी जा रही है।ताकि गांवों में शहरों जैसी सुविधाएं उपलब्ध हो सकें और प्रत्येक नागरिक को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जा सके। विधायक ने बताया कि सरकार ग्रामीण बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के साथ-साथ सामाजिक समरसता, युवा सशक्तिकरण और जनकल्याण को भी विशेष महत्व दे रही है।

Exit mobile version