Last Updated: October 4, 2026

Dainik Savera Times Logo

करनाल में क्राइम ब्रांच के एएसआई की बदमाशों ने गोली मारकर की हत्या

July 4, 2024

करनाल में क्राइम ब्रांच के एएसआई की बदमाशों ने गोली मारकर की हत्या

करनाल: हरियाणा के करनाल में क्राइम ब्रांच के एएसआई की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। इस वारदात का कारण अभी रहस्य है, जिसे खोजने में पुलिस जुटी हुई है। पुलिस मंगलवार रातभर आरोपियों की तलाश में जुटी रही। आसपास के इलाके के सीसीटीबी के फुटेज भी खंगाले, लेकिन अभी तक कोई सुराग नहीं मिला है। पुलिस के पास बस यही अपडेट है कि हमलावर पल्सर बाइक पर सवार होकर आए थे और एएसआई को गोली मारकर फरार हो गए। पुलिस ने शव को उसी रात करनाल के मॉर्चरी हाउस में रखवा दिया था। मृतक के चचेरे भाई बिट्टू ने बताया कि अंतिम संस्कार कल सुबह 10 बजे किया जाएगा। मृतक का बेटा योगेश रात 2 बजे कनाडा से आएगा।

लडका कनाडा में कोई कोर्स कर रहा है। एएसआई संजीव सिंह की बेटी वंशिका 11वीं कक्षा में पढ़ती है। उधर, घरौंडा के विधायक हरविंद्र कल्याण ने एएसआई संजीव की हत्या पर दुख जताया है। भाई की दुर्घटना में मौत, पिता ने सदमे में जान गंवाई : मृतक संजीव सिंह के पिता प्रेम सिंह के दो बेटे थे। 42 वर्षीय संजीव और 38 वर्षीय लाभ सिंह संजीव पुलिस विभाग में सेवारत थे, जबकि लाभ सिंह नगर पालिका घरौंडा में सफाई ठेकेदार थे। तीन साल पहले लाभ सिंह की घरौंडा लिबर्टी के सामने सडक दुर्घटना में मौत हो गई। लाभ सिंह की मौत ने उनके पिता प्रेम सिंह को झकझोर कर रख दिया था। प्रेम सिंह अपने बेटे की मौत का सदमा बर्दाश्त नहीं कर पाए और 15 दिन बाद उनकी भी मौत हो गई।

वहीं, मंगलवार रात को क्राइम ब्रांच अधिकारी संजीव सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई। 2002 में हुए थे भर्ती, 2 बच्चे के थे पिता: परिवार के अनुसार, संजीव का एक बेटा कनाडा में पढ़ रहा है और एक 16 वर्षीय बेटी है जो 11वीं कक्षा में पढ़ रही है। संजीव 2002 में कांस्टेबल के पद पर भर्ती हुए थे। वह कुरुक्षेत्र में तैनात थे। इससे पहले वह एनएच-1 और एनएच-4 पर भी तैनात रह चुके थे। बाद में उसकी पदोन्नति हुई और वर्तमान में संजीव क्राइम ब्रांच यमुनानगर में तैनात थे। क्या था मामला: कुटेल-ऊंचा समाना रोड पर मंगलवार की रात करीब साढ़े 8 बजे सैर पर निकले क्राइम ब्रांच के एएसआई संजीव सिंह की बाइक सवार 2 बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। गौरतलब है कि कुटेल-ऊंचा समाना रोड पर ही संजीव का डेरा बना हुआ है और वहीं पर संजीव सडक पर टहल रहे थे।

बाइक सवार बदमाश उन्हें गोली मारकर चले गए। परिजनों की मानें तो उनके सिर में एक गोली लगी है, वह आरपार हुई है। दूसरी गोली कमर में लगी थी। गंभीर रूप से घायल संजीव सिंह को करनाल के अमृतधारा अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। डीएसपी जांच में जुटे: घटना के बाद घरौंडा डीएसपी मनोज कुमार और डीएसपी सोनू नरवाल मौके पर पहुंचे। इनके साथ ही एफएसएल टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए। पुलिस को मौके पर 2 कारतूस और एक खोल बरामद हुआ है। पुलिस अभी तक यह खुलासा नहीं कर पाई है कि हत्या के कारण क्या रहे? फिलहाल जांच जारी है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें