Site icon Dainik Savera Times

कुरुक्षेत्र : मेहरा गांव में रंजिश ने दोबारा भड़काई हिंसा, दो युवक गंभीर जख्मी

कुरुक्षेत्र के लाडवा उपमंडल के मेहरा गांव में रविवार को आपसी रंजिश ने दो परिवारों को आमने-सामने ला खड़ा किया। सुबह होते ही दोनों गुट भिड़ गए और लाठी-डंडों के साथ-साथ धारदार हथियारों का भी प्रयोग किया गया। इस झड़प में गांव निवासी अरुण कुमार और उसका साथी असलम बुरी तरह घायल हो गए।

पहली घटना के बाद जब घायल उपचार के लिए लाडवा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे तो वहां भी स्थिति शांत नहीं हुई। बताया जाता है कि हमलावर पीड़ितों का पीछा करते हुए अस्पताल पहुंचे और दोबारा हमला बोल दिया। इस दौरान पीड़ितों की स्कॉर्पियो गाड़ी को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया।

घायल अरुण की मां उषा रानी ने पुलिस में शिकायत दी कि खरकाली गांव के हरदीप उर्फ सन्नी और मंदीप उर्फ गटू ने घर में घुसकर उनके बेटे पर हमला किया था। बीच-बचाव करने आए असलम को भी गंभीर चोटें आईं। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला नागरिक अस्पताल रेफर किया गया।

वारदात की सूचना मिलते ही लाडवा थाना पुलिस हरकत में आई और आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास व सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने सहित कई धाराओं में मामला दर्ज किया। घटनास्थल और अस्पताल दोनों जगह तनाव का माहौल बना रहा।

थाना प्रभारी ने बताया कि कस्बे में तुरंत नाकाबंदी कर आरोपियों हरदीप और मंदीप को पकड़ लिया गया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों गुट रिश्तेदारी में जुड़े हुए हैं और पुरानी दुश्मनी की वजह से यह हमला हुआ। पुलिस ने कहा कि दोषियों को सख्त सजा दिलाने के लिए पूरी तरह से निष्पक्ष जांच की जाएगी।

ये भी पढ़ें : PAK क्रिकेटर अबरार अहमद को खरीदने पर घिरीं काव्या मारन, BCCI ने भी तोड़ी चुप्पी

Exit mobile version