हरियाणा : नगर निगम के हड़ताल पर बैठे सफाई कर्मचारियों के नेता को पुलिस ने अवैध रूप से उगाही करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी यूनियन नेता नगर निगम के ठेकेदार से सवा लाख रुपए की रिश्वत ले रहा था.पुलिस ने उगाही में शामिल एक अन्य यूनियन नेता को भी काबू कर लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपियों द्वारा पहले भी ठेकेदार से तीन लाख रुपए वसूले जा चुके हैं।वही बार-बार की उगाही से तंग आकर ठेकेदार ने सिविल लाइन थाना पुलिस को शिकायत दी थी। शिकायत के आधार पर केस दर्ज करने के बाद पुलिस ने एक आरोपी को रंगे हाथ काबू किया है जबकि दूसरे आरोपी को पूछताछ के आधार पर काबू किया गया है।
एसीपी वरुण दहिया की मानें तो मंगलवार सुबह एक व्यक्ति ने सिविल लाइन थाना पुलिस को शिकायत देकर बताया था कि वह नगर निगम का ठेकेदार है। नगर निगम ने उसे सफाई, कूड़ा उठान, मेंटीनेंस का कांट्रेक्ट दिया है। उन्होंने पुलिस को बताया था कि नगर निगम के हड़ताल पर बैठे यूनियन प्रधान नरेश, यूनियन नेता राम सिंह और राजेश उनसे 25 हजार रुपए हर माह मांगते हैं और रुपए न देने पर कार्य में बाधा उत्पन्न करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया था कि आरोपियों द्वारा उनसे अब तक तीन लाख रुपए वसूले जा चुके हैं। और रुपए न देने पर आरोपियों ने गंभीर परिणाम भुगतने और उनकी गाड़ियों को न चलने देने की धमकी दी थी।पुलिस ने आरोपी के कब्जे से सवा लाख रुपए नकद और गाड़ी बरामद की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले में संलिप्त तीसरे आरोपी को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

