Site icon Dainik Savera Times

सिलेंडर फटने से दो परिवारों के 11 लोग घायल; पीजीआई रैफर

यमुनानगर: जिले के गांव भेड़थल में सलेमपुर मार्ग पर बने क्वार्टरों में वीरवार सुबह एक सिलेंडर से दूसरे गैस सिलेंडर में गैस भरते समय अचानक आग लगने से धमाका हो गया। धमाका इतना जबरदस्त था कि क्वार्टर की दीवारें ढह गई और लेंटर में भी दरारें आ गई। हादसे में दो परिवारों के 11 लोग गंभीर रूप से झुलस गए। जिनको जगाधरी के सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जहां डॉक्टरों ने 10 लोगों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें पीजीआई रैफर कर दिया गया।

घायलों में गर्भवती महिला भी शामिल है। घायल आठ वर्षीय अंशु का जगाधरी सिविल अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही जिला उपायुक्त प्रीति अस्पताल पहुंचकर घायलों से मिली। जानकारी के अनुसार प्रवासी मजदूर गांव मलिकपुर स्थित फैक्ट्री में काम करते थे। वह फैक्ट्री में बने क्वार्टर में परिवार के साथ रहते हैं। वीरवार सुबह आठ बजे क्वार्टर में कुछ लोग एक सिलेंडर से दूसरे सिलेंडर में गैस भर रहे थे। इस दौरान गैस रिसाव होने पर वहां पहले से ही जल रहे चुल्हे से आग लगने से धमाका हो गया।

इस दौरान क्वार्टर की दीवारें ढह गई और लेंटर में दरारें आ गई। हादसे के समय क्वार्टर में 11 लोग मौजूद थे। जिससे सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में संगीता(20) रामसरण (26) रामज्ञान (43) अंशु (8) नेहा (9) सरस्वती (10) शुभवति (11) रीना (40) शांति (4) सिमरन (2 माह) विजयंती (6) शामिल हैं। धमाके की सूचना मिलते ही आसपास के लोग घटना स्थल की तरफ दौड़े। लोगों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने एंबुलेंस की सहायता से घायलों को सिविल अस्पताल जगाधरी में भर्ती करवाया।

जहां डॉक्टरों ने गंभीर हालत को देखते हुए संगीता, रामसरण, रामज्ञान, नेहा, सरस्वती, शुभवती, रीना, शांति, सिमरन, विजयंती को पीजीआई रैफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही व्यासपुर पुलिस थाना प्रभारी तरसेम मौके पर पहुंचे। उन्होंने मामले की जांच शुरू कर दी। उधर, जिला उपायुक्त प्रीति सिविल अस्पताल पहुंचकर घायलों से मिली।

Exit mobile version