Site icon Dainik Savera Times

रोहतक में ट्यूशन पढ़कर लौट रहे 13 वर्षीय छात्र का अपहरण, पिता पर लगा अरोप

रोहतक: शहर के ओमेक्स सिटी में ट्यूशन पढ़कर साइकिल पर लौट रहे 13 वर्षीय छात्र का अपहरण कर लिया। सीसीटीवी कैमरे में छात्र का पीछा कर रही एक कार नजर आई। हालांकि अपहरण का आरोप छात्र के पिता पर ही लगा है। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।13 वर्षीय बेटा प्रणव ट्यूशन पढने के लिए साइकिल पर ओमेक्स सिटी गया था। ट्यूशन का समय पूरा होने पर काफी देर बाद भी घर नहीं पहुंचा तो उसकी मां कविता ट्यूशन सेंटर पहुंची। जहां पता चला कि वह ट्यूशन के बाद निकल गया था। इसके बाद आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक की गई।

सीसीटीवी कैमरे में नजर आया कि प्रणव जब ट्यूशन पढ़कर निकला तो उसके पीछे एक कार लगी हुई थी। कविता ने पुलिस में दर्ज शिकायत में बताया कि कार को प्रणव के पिता डा. गौरव चला रहे थे। इसके बाद कार सांपला के नजदीक टोल से निकली ,जहां सीसीटीवी कैमरे में कार के अंदर प्रणव की साइकिल भी नजर आई। कविता का कहना है कि उसका पति डा. गौरव के साथ कोर्ट में केस चल रहा है। कोर्ट ने बेटे की परवरिश के लिए 10 हजार रुपए महीना उसे देने के आदेश दे रखे हैं। साथ ही पिता के गौरव से मिलने पर स्टे भी दे रखा है।

कविता ने बताया कि वह अपने पति से पिछले 6 वर्ष से अलग देव कॉलोनी स्थित मायके में रह रही है। बेटा प्रणव भी साथ रहता है जबकि बड़ी बेटी कुमुद पिता गौरव के साथ रहती है। गौरव ने ही उसके बेटे का अपहरण किया है, जिसे वह दिल्ली लेकर गया है। आईएमटी पुलिस स्टेशन के प्रभारी पंकज कुमार का कहना है कि छात्र के अपहरण की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। छात्र की मां ने अपने पति पर भी अपहरण का आरोप लगाया है। सीसीटीवी फुटेज में कार दिखाई दी। पुलिस जल्द ही बच्चे को बरामद कर लेगी।

ये भी पढ़ें: भारत के न्यूज चैनलों की टीआरपी रिपोर्ट पर रोक, इस्राइल-ईरान संघर्ष के चलते सरकार ने लिया एक्शन

Exit mobile version