Site icon Dainik Savera Times

वन विभाग भर्ती: पुरुषों को 25 और महिलाओं को लगानी होगी 14 किमी दौड़

16,424 Candidates to Appear for Forest Recruitment PST : करनाल। हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग द्वारा डिप्टी रेंजर, फॉरेस्टर एवं फॉरेस्ट गार्ड पदों के लिए पीएसटी का आयोजन 23 से 30 नवंबर 2026 तक करनाल में किया जाएगा।

इन पदों के लिए पीएमटी में सफल कुल 16,424 अभ्यर्थी पीएसटी में शामिल होंगे, जिनमें 12,404 पुरुष और 4,020 महिला अभ्यर्थी हैं। आयोग के अध्यक्ष हिम्मत सिंह ने आज पीएसटी स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान जिला उपायुक्त एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारी भी मौजूद रहे। अध्यक्ष ने संबंधित अधिकारियों को अभ्यर्थियों की सुविधा, सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने के आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पीएसटी के आयोजन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

करनाल के उपायुक्त आनंद कुमार शर्मा ने कहा कि जिला प्रशासन की ओर से पीएसटी के सफल आयोजन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए यातायात प्रबंधन और सुरक्षा लेकर संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। जिला प्रशासन आयोग के साथ समन्वय स्थापित कर आयोजन को सुचारू रूप से संपन्न करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। पीएसटी का आयोजन 23 नवंबर से 30 नवंबर तक आउटर रिंग रोड, गांव दादूपुर खुर्द, विवान होटल के नजदीक, NH-44, करनाल में होगा।

पुरुष अभ्यर्थियों को 25 किलोमीटर की दौड़ 4 घंटे में तथा महिला अभ्यर्थियों को 14 किलोमीटर की दौड़ 4 घंटे में पूरी करनी होगी। आयोग के अध्यक्ष हिम्मत सिंह ने बताया कि पीएसटी स्थल पर अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए सबसे पहले वेटिंग एरिया बनाया गया है। इसके अलावा बैग रखने के लिए नि:शुल्क बैगेज काउंटर, बायोमेट्रिक सत्यापन के बाद बिब नंबर तथा रजिस्ट्रेशन के बाद ट्रैकिंग चिप देने की व्यवस्था की गई है। अभ्यर्थियों को स्टार्टिंग पॉइंट से दौड़ शुरू करनी होगी, 12.5 किलोमीटर के पीएसटी ट्रैक पर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार यू-टर्न लेकर दौड़ पूरी करनी होगी। अंतिम छोर पर एलईडी स्क्रीन लगाई गई है।

इस पर अभ्यर्थी अपनी दौड़ पूरी करने का समय देख सकेंगे। उन्होंने बताया कि एक से अधिक पदों के लिए शॉर्टलिस्ट किए गए अभ्यर्थियों को पीएसटी में केवल एक बार भाग लेना होगा। प्रत्येक पद के लिए अलग-अलग दौड़ लगाने की आवश्यकता नहीं होगी। पीएसटी प्रक्रिया पूरी होने तक एक मेडिकल बोर्ड का भी गठन किया गया है। यदि किसी अभ्यर्थी को चिकित्सा आधार पर छूट प्राप्त करनी है तो इसके लिए आयोग कार्यालय, पंचकूला में रिप्रेजेंटेशन देना अनिवार्य होगा। अभ्यर्थी अपने साथ मेडिकल एवं अन्य संबंधित दस्तावेज अवश्य लेकर आएं।

उन्होंने बताया कि पीएसटी में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को हरियाणा रोडवेज बसों में निःशुल्क यात्रा सुविधा उपलब्ध होगी। करनाल बस स्टैंड एवं रेलवे स्टेशन से भी मुफ्त बस सेवा मिलेगी। इसके लिए अभ्यर्थियों को अपना एडमिट कार्ड दिखाना होगा। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थी एडमिट कार्ड पर दिए निर्देशों का पालन करें तथा एडमिट कार्ड पर दिए गए रिपोर्टिंग समय से पहले पीएसटी स्थल पर पहुंचे।

Also Read :

Exit mobile version