राजपुरा : राजपुरा पुलिस ने इलाके में कुख्यात अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई तेज करते हुए हाईवे पर हथियारों की नोक पर लूट करने वाले दो खूंखार अपराधियों को काबू किया है। पुलिस ने उनके पास से चोरी किए हुए दो मोटरसाइकिल, एक एक्टिवा, एक थ्रीव्हीलर आटो के अलावा तेजधार हथियार बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक पकड़े गए आरोपियों पर पहले भी अलग-अलग शहरों में कई पर्चे दर्ज हैं। सिटी थाना प्रभारी कृपाल सिंह मोही ने बताया कि हमारी फील्ड इकाइयां व पुलिस की टीमें गैर-कानूनी गतिविधियों को रोकने के लिए लगातार काम कर रही हैं। बीती बुधवार देर रात्री दो बजे आटो चालक राजकुमार पटियाला की तरफ जा रहा था कि दो लुटेरों ने हथियारों की नोकपर उसका आटो नकदी व मोबाइल लूट कर ले गए थे।
जैसे ही हमें सूचना मिली कस्तुरबा पुलिस चौकी प्रभारी निशान सिंह, एएसआई बलदेव सिंह की अगुवाई में अलग-अलग टीमें बनाकर आरोपियों की धर-पकड़ के लिए छापेमारी शुरू कर दी। रास्ते में लगे हुए सीसीटीवी कैमरे भी खंगाले गए। वीरवार हमें गुप्त सूचना मिली कि हाईवे पर लूट-खसूट करने वाले आरोपी गांव जंडौली के कच्चे रास्ते से होते हुए किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने जा रहे हैं। पुलिस ने तुरंत नाकेबंदी करके दोनों आरोपियों को चोरी के आटो सहित गिरफ्तार कर लिया इतना ही नहीं उनकी निशान देही पर दो मोटरसाइकिल और एक एक्टिवा भी बरामद कर ली गई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों से तीन तेजधार हथियार भी बरामद किए हैं जो राहगीरों की गर्दन पर रखकर वह लूट की वारदात को अंजाम देते थे।
पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों की पहचान हरविन्द्र सिंह पुत्र अमरजीत सिंह व कमल शर्मा उर्फ कमली पुत्र भीम सैन शर्मा निवसी गुरु अमरदास कालोनी राजपुरा के तौर पर करवाई है। पुलिस ने बताया कि पकड़े गए दोनों आरोपी कई लूट की वारदातों को अंजाम दे चुके हैं जिनपर पहले भी अरोपी हरविन्द्र सिंह पर राजपुरा, खेड़ी गंडिया, सरहिंद फतेहगढ़ साहिब में पांच मामले दर्ज हैं वहीं कमल शर्मा पर थाना शंभू, थाना खेड़ी गंडिया में तीन मामले दर्ज हैं। पुलिस द्वारा आरोपियों को आज माननीय अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा ताकि उनसे और पूछताछ की जा सके। इस मामले में और भी कई अहम खुलासे होने की संभावना है।
ये भी पढ़ें : पीएम मोदी का जलवा कायम, ट्रंप को पीछे छोड़ फिर से बने दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता

