21-Year-Old Haryana Youth Dies in USA : करनाल। असंध क्षेत्र के गांव बल्लाह निवासी 21 वर्षीय अनिल कुमार मान की अमेरिका में अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। परिजनों के अनुसार डॉक्टरों ने मौत का कारण हार्ट अटैक बताया है। बेहतर भविष्य के लिए परिवार ने जमीन बेचकर और करीब 45 लाख रुपये का कर्ज लेकर उसे अमेरिका भेजा था। अब परिजन शव भारत लाने के लिए सरकार से मदद की गुहार लगा रहे हैं।
अनिल कुमार मान ने 10वीं कक्षा तक पढ़ाई की थी। परिवार की आर्थिक स्थिति बेहतर करने और अपने भविष्य के सपने पूरे करने के लिए उसने अमेरिका जाने का फैसला लिया था। परिजनों के अनुसार, बेटे के भविष्य के लिए पिता ऋषिपाल ने अपनी जमीन बेचने के साथ कर्ज भी लिया। करीब 45 लाख रुपये खर्च कर अनिल को डंकी रूट के जरिए अमेरिका भेजा गया। कई महीनों के सफर के बाद वह अमेरिका पहुंचा और वहां जरूरी प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद रहने लगा था।
अचानक बिगड़ी तबीयत, नहीं बच सकी जान
परिजनों के मुताबिक, 4 अक्टूबर की रात अनिल की अचानक तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर उसे बचा नहीं सके। परिवार को उसकी मौत की सूचना मिली तो घर में मातम छा गया। अनिल की मौत की खबर गांव पहुंचते ही ग्रामीण भी परिवार को सांत्वना देने के लिए पहुंचने लगे। अनिल अपने पिता ऋषिपाल का इकलौता बेटा था। वहीं, ऋषिपाल के भाई रामपाल की भी एक ही बेटी है। ऐसे में अनिल दोनों परिवारों के लिए इकलौता बेटा और सहारा था। उसकी अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का कहना है कि जिस बेटे के बेहतर भविष्य के लिए उन्होंने अपनी जमीन तक बेच दी और कर्ज लिया, अब उसकी मौत ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।
शव भारत लाने के लिए सरकार से मदद की गुहार
अनिल की मौत के बाद अब परिवार के सामने सबसे बड़ी चुनौती उसका शव अमेरिका से भारत लाने की है। परिजनों ने सरकार से मदद की गुहार लगाई है। परिवार चाहता है कि अनिल का शव जल्द से जल्द भारत लाया जाए, ताकि वे अपने बेटे के अंतिम दर्शन कर सकें और उसका अंतिम संस्कार गांव में किया जा सके।

