जींद: जमीनी विवाद के चलते 2 भाइयों की गोली मारकर हत्या करने के तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान सुरेश, मोहित निवासी निर्जन हालाबाद निवासी सैक्टर-11 जींद व लक्ष्य निवासी नन्दगढ़ के रुप में हुई है। डीएसपी जितेन्द्र राणा ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए बताया कि गत 9 अप्रैल को सिविल लाइन थाना में टेलीफोन के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि सतीश व दिलबाग गन सॉट के कारण मृत अवस्था में नागरिक अस्पताल जींद में लाए गये हैं। सूचना पाकर पुलिस टीमें नागरिक अस्पताल पहुची जहां मृतक सतीश के लड़के मोहित ने पुलिस को दिए अपने ब्यान में बताया कि उनकी नया बाईपास सफीदों रोड जींद के पास निर्जन गांव की जमीन में भारत गैस की सत्यम गैस एजेंसी का गोदाम है। उसके परिवार व उसके चाचा दिलबाग निवासी निर्जन का करीब दो साल से सुरेश व मोहित निवासी गांव निर्जन के साथ जमीनी विवाद चल रहा है।
जिसके कारण उनका पहले भी लड़ाई-झगड़ा हुआ है। गत 8 अप्रैल को उसके पिता सतीश के साथ सुरेश व मोहित द्वारा उनके गैस गोदाम के पास मारपीट की थी। अगले दिन 9 अप्रैल को वह अपनी गाड़ी से सेक्टर-11 की मार्केट में कुछ सामान लेने के लिए गया था। जहां पर सुरेश, मोहित व इनके साथ 3-4 अन्य व्यक्ति गाड़ी में थे। सुरेश व मोहित ने अपने पास मौजूद हथियारों से उसकी गाड़ी पर गोलियां चलानी शुरू कर दी। वह गाड़ी में नीचे की तरफ छिप गया और गाड़ी को वहां से भगा ले गया। इसके बाद सुरेश व उसका पुत्र मोहित व अन्य व्यक्ति उनके गैस गोदाम की तरफ चले गए। जब वह उनके पीछे-पीछे गैस गोदाम की तरफ गया तो देखा कि गैस गोदाम के बाहर उसके पिता सतीश व चाचा दिलबाग व उसके चाचा दिलबाग का लड़का अनुज बैठे थे। उसके पिता सतीश व चाचा दिलबाग पर सुरेश व उसके लड़के मोहित ने अपने पास मौजूद हथियार से फायरिंग शुरु कर दी।
उसका पिता सतीश व चाचा दिलबाग गोलियां लगने के कारण वहीं जमीन पर गिर गए व उनकी मौत हो गई। पीड़ित की शिकायत पर थाना सिविल लाइन, जींद में हत्या का मामला दर्ज कर किया गया था। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए तुरंत प्रभाव से अलग-अलग टीमों का गठन करके आरोपियों को जल्द से जल्द पकड़ने के लिए दिशा-निर्देश जारी किए, जिसकी पालना करते हुए पुलिस की टीम ने एक-एक करके दो नामजद व एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों को अदालत में पेश करके उनका 2 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया जाएगा व गहनता से पूछताछ की जाएगी। पकड़ा गया आरोपी सुरेश खेती बाड़ी व प्रॉपर्टी का काम करता है। मोहित सिंचाई विभाग बेलदार के पद पर कार्यरत था तथा लक्ष्य हरियाणा रोडवेज में स्टोर कीपर के पद पर नौकरी करता था।
मेष: दिन शुभ रहेगा...