रेवाड़ी: साइबर थाना रेवाड़ी पुलिस ने गत अगस्त माह में सेक्टर-4 रेवाड़ी निवासी एक व्यक्ति से शेयर मार्केट में निवेश करने के नाम पर 19.30 लाख रुपये की साइबर ठगी करने के मामले में संलिप्त तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान राजस्थान के जिला दौसा के गांव झिलकी ढी जागीर निवासी महेंद्र सैनी, जिला अलवर के गांव पिनान निवासी सुरेंद्र व जिला अलवर के गांव प्रतापपुरा निवासी सचिन गुर्जर के रूप में हुई है।
जांचकर्ता ने बताया की सेक्टर 4 रेवाड़ी निवासी अजीत सिंह ने अपनी शिकायत में बताया था कि गत 5 अगस्त को वह अपने मोबाइल पर गूगल पर यश सिक्योरिटीज सर्च कर रहा था। इसी दौरान उसके व्हाट्स एप पर एक लिंक आ गया। भेजने वाले ने उसे लिंक के जरिए खाता खोलने को कहा। इसके बाद उसने लिंक के जरिए अपनी आईडी बना ली। उसे शेयर मार्केट में पैसा निवेश करने पर मोटा मुनाफा कमाने का लालच दिया गया, लेकिन उसने पैसा निवेश करने से मना कर दिया।
इसके बाद उसे बार-बार पैसा निवेश करने को कहा गया, तो उसने अपनी पत्नी के खाते से पहले 5 हजार रुपये और उसके बाद 10 हजार रुपए बताए गए खाता नंबरों पर ट्रांसफर कर दिया। उसके खाते में काफी मुनाफा दिखाया गया। इसके बाद उससे कई ट्रांजेक्शन के जरिए कुल 19.30 लाख रुपए ट्रांसफर करवा लिए। उसके खाते में मोटा मुनाफा दशार्या गया। जब उसने पैसा निकालने का प्रयास किया, तो उससे 16 लाख 43 हजार 711/- रुपए और जमा कराने को कहा गया। जिस पर पुलिस ने साइबर थाना रेवाड़ी में ठगी का मामला दर्ज करके जांच शुरू की थी।
जो जांच के बाद पुलिस ने मंगलवार को मामले में संलिप्त तीन राजस्थान के जिला दौसा के गांव झिलकी ढी जागीर निवासी महेंद्र सैनी, जिला अलवर के गांव पिनान निवासी सुरेंद्र व जिला अलवर के गांव प्रतापपुरा निवासी सचिन गुर्जर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी महेंद्र सैनी के बैंक खाते में ठगी की एक लाख रुपये की राशी ट्रांसफर हुई थी तथा आरोपी सुरेंद्र व सचिन गुर्जर ने महेंद्र सैनी का बैंक खाता साइबर ठगों को उपलब्ध कराने के लिए मध्यस्थ की भूमिका अदा की थी। पुलिस ने तीनों आरोपियों को पेश अदालत करके न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस द्वारा इस मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी भी जल्द की जाएगी।
ये भी पढ़ें: Gold Silver Price: सोने-चांदी की कीमतों में मची हलचल, जानिए आज के Latest Rate

