सोनीपत: सोनीपत के जीटी रोड सेक्टर 7 फ्लाईओवर पर वीरवार की रात स्कार्पियो व ट्रक की टक्कर हो गई। स्कार्पियो में चचेरे भाईयों समेत 4 लोग सवार थे, जिनमें 3 की मौत हो गई। एक हालत गंभीर बनी हुई है। स्कार्पियो अधिक रफ्तार में होने के कारण अनियंत्रित हो गई थी और डिवाइडर से टकराने के बाद दूसरी साइड टली गई। वहां से आ रहे ट्रक ने उसमें टक्कर मार दी। उत्तर प्रदेश के जिला बागपत के गांव बिनोली निवासी प्रिंस (28) का 2 जून को जन्मदिन था। जन्मदिन को उसने घर पर मनाया, लेकिन वीरवार को अपने दोस्तों को पार्टी देने के लिए वह स्कार्पियो से मुरथल एक ढाबा पर आया। प्रिंस के साथ उससे चचेरे भाई आदित्य (25), मित्र विशाल (24) एवं सिरसली गांव निवासी सचिन भी साथ में थे। मुरथल में पराठे खाने के बाद सभी वापस जा रहे थे।
इसी दौरान रात 12 बजे के आसपास जीटी रोड सेक्टर 7 फ्लाईओवर के पास रफ्तार तेज होन के कारण स्कार्पियो अनियंत्रित हो गई। डिवाइडर से टकराने के बाद गाड़ी पलटी मारते हुए दूसरी साइड पहुंच गई। वहां एक ट्रक ने उसमें टक्कर मार दी। हादसे में प्रिंस उसके भाई आदित्य एवं सचिन की मौत हो गई। विशाल की हालत गंभीर बनी है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई और दुर्घटनाग्रस्त वाहन कब्जे में लिए। सचिन अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। दो साल पहले ही उसकी शादी हुई थी। हादसे में एक ही परिवार के दो सदस्यों को मौत के बाद घर में मातम छा गया। घटना कैसे हुई पुलिस इसकी जांच कर रही है। घायल विशाल को इलाज के लिए नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

