सीजऐम नीतिका भारद्वाज ने कहा कि इस लोक अदालत में परक्राम्य लिखत अधिनियम (नेगोटाईऐबल इंस्ट्रूमेंट एक्ट) की धारा 138 के अंतर्गत चेक बाउंस मामलों का निस्तारण किया गया है। विशेष लोक अदालत का उद्देश्य चेक बाउंस से संबंधित मामलों का आपसी सहमति एवं सौहार्दपूर्ण तरीके से शीघ्र निस्तारण करना तथा न्यायालयों में लंबित मामलों की संख्या कम करना रहा। इस अवसर पर मामलों के अधिकतम निस्तारण हेतु विभिन्न न्यायिक पीठों का गठन किया गया था। इस विशेष लोक अदालत में कुल 40 मामलों का निस्तारण किया गया, जिससे संबंधित पक्षकारों को त्वरित न्याय दिलाने में सहायता मिली तथा न्यायिक प्रक्रिया को सरल एवं प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास किया गया।
उन्होंने कहा कि इस विशेष लोक अदालत में कुल 228 केसों में से 40 केसों का निपटान करते हुए कुल 23 लाख 83 हजार रुपए की सेटलमेंट की गई है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण आमजन को सुलभ एवं त्वरित न्याय उपलब्ध करवाने के लिए समय-समय पर लोक अदालतों का आयोजन करता रहता है, ताकि लोगों को आपसी सहमति से विवादों का समाधान करने का अवसर मिल सके।