Site icon Dainik Savera Times

सिरसा रोड पर धर्मकाटें के अंदर संदिग्ध परिस्थिति में चली गोली, 40 वर्षीय व्यक्ति की हुई मौत

फतेहाबाद के सिरसा रोड पर देर शाम एक धर्मकांटे पर संदिग्ध परिस्थिति में सिर में गोली लगने से एक शख्स की दर्दनाक मौत हो गई। फतेहाबाद शहर थाना पुलिस, सीन ऑफ क्राइम की टीमें मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू कर दी है। घटना के समय मृतक अपने दोस्त के साथ धर्मकांटे पर मौजूद था और बताया जा रहा है कि जिस रिवॉल्वर से गोली चली है, वह भी उसके दोस्त की है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल के शव गृह में रखवाया गया है। पुलिस मृतक के परिजनों के बयान के आधार पर आगामी कार्रवाई करेगी।

जानकारी के अनुसार शिव नगर निवासी 40 वर्षीय मनोज बंसल फतेहाबाद के सिरसा रोड पर धर्मकांटे पर पार्टनरशिप में काम करता था। शहर के एक पूर्व पार्षद कुलवंत सवणा का पुत्र 30 वर्षीय पलविंद्र के साथ उसकी दोस्ती थी, जो उसके पास आता-जाता था। बताया जा रहा है कि मनोज अपने दोस्त के साथ सिरसा किसी काम से गया था और शाम को वह वापस लौट आए और धर्मकांटे पर बने कमरे में बैठ गए। बताया जा रहा है कि पलविंद्र के पास पिस्तौल थी और पिस्तौल को लेकर हंसी मजाक व बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान अचानक पिस्तौल से गोली चल गई और गोली मनोज के सिर पर जा लगी। जिस पर वहां हड़कंप मच गया। पलविंद्र अन्य लोगों के साथ मनोज को अस्पताल ले आया, जहां परिजनों को भी सूचित किया गया। यहां पर चिकितसकों ने मनोज को मृत घोषित कर दिया। गोली किस परिस्थिति में चली अभी तक इसका पता नहीं चल पाया है।

उधर मौके पर पहुंचे एसएचओ प्रहलाद सिंह ने बताया कि गोली चलने से व्यक्ति की मौत हुई है। सीन ऑफ क्राइम इन्वेस्टिंग करने में जुटी है। परिजन जो बयान देंगे, उसके अनुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version