Site icon Dainik Savera Times

हिसार में शराब ठेकेदार से हुई 50 हजार रुपए की लूट, अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज

हिसार: हिसार जिले के उकलाना क्षेत्र के गांव सुरेवाला निवासी शराब ठेकेदार से कार सवार दो बदमाशों ने 50 हजार रुपए की नकदी लूट ली। घटना हिसार चंडीगढ़ मुख्य मार्ग पर बरवाला के पास हुई। पैसे छीनने के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में गांव सुरेवाला निवासी संजीव ने बताया कि वह शराब ठेकेदार है।

उसने पैसों की जरूरत बताई और गांव पनिहारी निवासी अपने ससुर महेंद्र से 50 हजार रुपए मांगे। उसने उनसे 50 हजार रुपए लिए और अपनी इलेक्ट्रिक स्कूटर पर अपने गांव सुरेवाला की ओर चल दिया। जब वह हिसार-चंडीगढ़ मुख्य मार्ग पर सतलोक आश्रम मेन रोड बरवाला के पास पहुंचा तो पीछे से एक सफेद रंग की कार आकर रुकी।

संजीव ने बताया कि कार सवार लोगों ने पहले तो रास्ता पूछा और बाद में मौके का फायदा उठाकर उससे 50 हजार रुपये छीन लिए और फरार हो गए। उसने घटना की शिकायत पुलिस को दी और सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने संजीव की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।

Exit mobile version