Last Updated: November 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

भिवानी में विश्व फोटोग्राफी दिवस पर आयोजित रक्तदान शिविर में 51 लोगों ने किया रक्तदान

August 19, 2023

भिवानी में विश्व फोटोग्राफी दिवस पर आयोजित रक्तदान शिविर में 51 लोगों ने किया रक्तदान

भिवानी: प्रत्येक व्यक्ति को समाजसेवा के कार्यो में बढ़-चढक़र भाग लेना चाहिए तथा जितना संभव हो उतना सहयोग करना चाहिए तथा रक्तदान से बड़ी समाजसेवा दूसरी कोई नहीं हो सकती। क्योंकि रक्तदान कर हम किसी जरूरतमंद व्यक्ति की जान बचाने के अलावा उससे जुड़े लोगों की खुशियों को भी जिंदा रखने का काम करते है। इसीलिए रक्तदान को महादान के साथ-साथ जीवनदान भी कहा गया है। इसी कड़ी में विश्व फोटाग्राफी दिवस पर शनिवार को फोटोग्राफर एसोसिएशन एंड सोसायटी भिवानी के सौजन्य से स्थानीय चौ. बंसीलाल नागरिक अस्पताल में एक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया।

शिविर में 51 लोगों ने रक्तदान किया। इस मौके पर बतौर मुख्यअतिथि पहुंचे वरिष्ठ फोटोग्राफर अशोक शर्मा, राजबीर सिंह संभ्रवाल, देवेंद्र वर्मा डीके व रक्तवीर राजेश डुडेजा ने रक्तदाताओं को बैज लगाकर व प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। रक्तदान शिविर में भिवानी के सभी फोटोग्राफरों ने बढ़-चढक़र भाग लिया तथा आगे भी इस मुहिम में शामिल रहने का भरोसा दिलाया। इस मौके पर वरिष्ठ फोटोग्राफर अशोक शर्मा, राजबीर सिंह संभ्रवाल, देवेंद्र वर्मा डीके ने कहा कि रक्त जीवन का मुख्य आधार है। ऐसे में प्रत्येक नागरिक को रक्तदान की मुहिम में हाथ बढ़ाकर जरूरतमंदों की जीवन बचाने में सहयोग करना चाहिए।

इस मौके पर रक्तवीर राजेश डुडेजा ने कहा कि रक्तदान एक सामाजिक दायित्व है, जिसका निर्वहन हम सभी को करना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को रक्तदान जैसी आदत को अपनाना होगा। इससे आने वाली पीढिय़ों को अच्छा संदेश मिलेगा। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के शिविरों से युवा वर्ग को रक्तदान के प्रति जागरूकता व प्रेरणा मिलती है। इस मौके पर वंशिका फाउंडेशन के संस्थापक रक्तवीर मनीष वर्मा ने कहा कि रक्तदान से बढक़र कोई पुण्य का कार्य नहीं है। हमें अपने जन्मदिन सहित जीवन में हर खुशी के अवसर पर रक्तदान जैसे महान कार्य की मुहिम को अपनाना होगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें