70 Youth to Receive Computer Training at Kohand Centre : करनाल। हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने आज शाम घरौंडा क्षेत्र के गांव कोहंड में अंत्योदय फाउंडेशन द्वारा संचालित 12वें कम्प्यूटर प्रशिक्षण केंद्र का उदघाटन किया।
इस मौके पर श्री कल्याण ने ग्रामीणों से आह्वान किया कि जीवन में आगे बढ़ने के लिए वे बच्चों का उचित मार्गदर्शन करें और अच्छा कार्य करने पर प्रोत्साहित करें। उन्होंने कहा कि अभिभावक अपने बच्चों को जैसा देखना चाहते हैं वैसा ही खुद आचरण करना होगा।
अंत्योदय फाउंडेशन द्वारा संचालित कम्प्यूटर केंद्र में दो पारियों में 35-35 युवा प्रशिक्षण प्राप्त कर सकेंगे। प्रशिक्षण के लिए अब तक गांव में 70 युवा पंजीकरण करा चुके हैं जिनमें अधिक संख्या युवतियां व महिलाओं की है। श्री कल्याण ने इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री एवं वर्तमान केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल की प्रदेश में भेदभावपूर्ण व्यवस्था खत्म करने के लिए सराहना की।
उन्होंने कहा कि यह श्री मनोहर लाल की व्यवस्था परिवर्तन का ही नतीजा है कि पिछले 12 सालों में इस गांव के करीब 125 युवाओं को मेरिट पर नौकरी मिली है। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री ने हरियाणा एक-हरियाणवी एक के नारे को चरितार्थ किया है। उनकी सोच रही है कि अपना-पराया कोई नहीं होता, सब अपने हैं। कल्याण ने कहा कि केंद्र में मंत्री होते हुए मनोहर लाल को करनाल क्षेत्र के गांवों की चिंता रहती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए पूरी गंभीरता से प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज नौजवान पीढ़ी में सुनने की शक्ति घट रही है। बुजुर्गों के पास बैठने का युवाओं के पास समय नहीं हैं।
उन्होंने कहा कि अभिभावकों को अपने बच्चों को ऐसे संस्कार देने होंगे जिससे कि वे अच्छाई-बुराई और ठीक-गलत का अंतर समझ सें। उनमें मेहनत का जज्बा पैदा करना होगा। शॉर्ट कट से कामयाबी संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय द्रौपदी मुर्म, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पूर्व राष्ट्रपति अब्दुल कलाम, संविधान निर्माता डा़ भीमराव अंबेडकर आदि हस्तियों ने गरीब परिवारों से संबंध रखते हुए मेहनत के बल पर बुलंदियों को छुआ है। उन्होंने कहा कि बेटों के साथ-साथ बेटियों को भी सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना समाज की जिम्मेदारी है। खुद की तरक्की ऐसी होनी चाहिए जिससे कि समाज का भी भला हो।
सांसद प्रतिनिधि कविंद्र राणा ने इस मौके पर अंत्योदय फाउंडेशन के कार्यो, उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि इस केंद्र का उद्देश्य अंत्योदय परिवारों के युवाओं एवं महिलाओं को रोजगारोन्मुख कौशल प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने गांव के युवाओं से प्रशिक्षण केंद्र का लाभ उठाकर स्वावलंबी बनने का आह्वान किया। इस मौके पर अंत्योदय फाउंडेशन के कोषाध्यक्ष बृज गुप्ता, घरौंडा मार्केट कमेटी के चेयरमैन राजकुमार पालीवाल, सरंपच सुनील कुमार, अनिरूद्ध यादव, हरीश खरबंदा आदि मौजूद रहे।

