Site icon Dainik Savera Times

रुई की गांठों के बीच छिपाकर ले जाई जा रही 800 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद

फतेहाबाद : अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ फतेहाबाद पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत *सीआईए फतेहाबाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 800 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद की है। शराब की इस बड़ी खेप को एक ट्रक में लदी रुई की गांठों के बीच छिपाकर रखा गया था। पुलिस ने शराब से भरे ट्रक को भी कब्जे में लेकर मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।

सीआईए फतेहाबाद प्रभारी निरीक्षक संदीप कुमार ने बताया कि 2 अक्टूबर को पुलिस टीम अपराधों की रोकथाम तथा अवैध शराब की तस्करी पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से धारणिया टी-प्वाइंट, बड़ोपल क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस टीम को विश्वसनीय सूचना मिली कि बड़ोपल पुल से गांव बड़ोपल की ओर गुजरात नंबर का एक ट्रक काफी समय से संदिग्ध अवस्था में खड़ा है और उसमें रुई की गांठों के बीच भारी मात्रा में अवैध शराब छिपाकर रखी गई है।

सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम तुरंत बताए गए स्थान पर पहुंची। मौके पर जय श्री राम गौड़ वैष्णु भोजनालय के सामने हरे रंग के तिरपाल से ढका ट्रक खड़ा मिला। पुलिस टीम ने आसपास मौजूद लोगों से ट्रक चालक के संबंध में जानकारी जुटाने का प्रयास किया, लेकिन चालक मौके पर नहीं मिला। पुलिस द्वारा नियमानुसार ट्रक की जांच की गई तो *रुई की गांठों के बीच बड़ी संख्या में अंग्रेजी शराब की पेटियां छिपी मिलीं।

गिनती करने पर ट्रक से कुल 800 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद हुई। बरामद शराब पर फॉर सेल पंजाब ओनली अंकित पाया गया। पुलिस ने शराब की पूरी खेप तथा ट्रक को कब्जे में लेकर थाना सदर फतेहाबाद में मुकदमा नंबर 400 दिनांक 03.10.2026, धारा 61-4-20 आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।

पुलिस द्वारा ट्रक चालक सहित शराब की इस खेप से जुड़े अन्य व्यक्तियों की पहचान एवं तलाश की जा रही है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि इतनी बड़ी मात्रा में शराब कहां से लाई गई थी, किसके निर्देश पर भेजी गई थी तथा इसकी सप्लाई कहां की जानी थी। मामले में संलिप्त पूरे नेटवर्क की कडिय़ां खंगाली जा रही हैं।

Exit mobile version