यमुनानगर: शहर के मॉडल टाउन में मकान बेचने के नाम पर मॉडल टाउन निवासी गौरव दत्ता से 82 लाख रुपये हड़प लिए गए। आरोप जिला भिवानी के बहनान के गांव लेगान निवासी उर्मिला देवी व राजवीर सिंह पर लगा है । आरोप है कि आरोपियों ने पैसे लेने के बाद भी मकान की रजिस्ट्री उनके नाम नहीं करवाई। आरोपियों ने जो चेक उन्हें दिया वह भी बाउंस हो गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में केस दर्ज कार्रवाई शुरू कर दी।
मिली जानकारी के अनुसार शहर के मॉडल टाउन निवासी गौरव दत्ता ने शहर यमुनानगर पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 18 जुलाई 2023 को उसकी मां ने आरोपी उर्मिला देवी व राजवीर सिंह से मॉडल टाउन में मकान खरीदना तय किया था। आरोपियों से 82 लाख रुपए में मकान का सौदा तय हुआ था। इस दौरान उन्होंने आरोपियों को अलग-अलग तारीख में 82 लाख रुपये दे दिए और मकान की रजिस्ट्री की तारीख तय कर ली। आरोप है कि आरोपी मकान की रजिस्ट्री करवाने के लिए तहसील में पेश नहीं हुए।
इस दौरान आरोपी बार-बार रजिस्ट्री की तारीख बढ़वाते रहे मगर इसके बाद भी आरोपियों ने मकान की रजिस्ट्री उनके नाम नहीं करवाई। जब उन्होंने आरोपियों से बात की तो आरोपियों ने तय तिथि में मकान की रजिस्ट्री न करवाने पर डबल पैसे वापस करने का आश्वासन दिया। आरोप है कि इसके बाद भी आरोपियों ने मकान की रजिस्ट्री उनके नाम नहीं करवाई। जब उन्होंने आरोपियों से पैसे वापस मांगे तो आरोपियों ने 71 लाख रुपए का चेक उन्हें दे दिया।
जब उन्होंने वह चेक बैंक में लगाया तो वह बाउंस हो गया। उन्होंने इस बारे आरोपियों से बात की मगर उन्होंने उल्टा उन्हें ही झूठे केस में फंसने की धमकी दी। परेशान होकर उसने आरोपियों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दी। पुलिस ने मामले की जांच के बाद दोनों आरोपियों उर्मिला देवी व राजवीर सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।

