गुरुग्राम: हरियाणा के गुरुग्राम में पुलिस ने काली थार और काली स्कॉर्पियो से सड़क पर स्टंट करने के मामले में थार चालक को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि उसने सोशल मीडिया पर प्रसिद्ध होने के लिए ऐसा आतंक मचाया।
पुलिस प्रवक्ता संदीप के अनुसार गुरुग्राम के बादशाहपुर में चिनार ढाबा के पास सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था। जिसमें एक थार और स्कॉर्पियो चालक सड़क के बीचों-बीच घूमकर स्टंट करके अपनी और दूसरों की जान जोखिम में डाल रहे हैं। पुलिस को जैसे ही पता चला तो बादशाहपुर थाने में मामला दर्ज कर लिया गया।

स्टंट करते समय दोनों वाहन आपस में टकराने से बाल-बाल बचे:
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसकी पहचान बादशाहपुर निवासी हरीश कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से थार गाड़ी भी बरामद कर ली है। गुरुग्राम पुलिस ने सभी को सख्त हिदायत दी है कि यातायात नियमों का पालन करें, अन्यथा सख्त कार्रवाई की जाएगी।