कुरुक्षेत्र : अंबाला-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब अमन होटल के समीप लिंक रोड के पास राष्ट्रीय राजमार्ग के मेंटेनेंस कार्य में लगे एक डंपर में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में डंपर का अगला हिस्सा और केबिन पूरी तरह आग की चपेट में आ गया और जल कर राख हो गया। चालक ने सूझ-बूझ और तत्परता का परिचय देते हुए डंपर को तुरंत सड़क किनारे खड़ा कर दिया और कूद कर अपनी जान बचा ली।
प्राप्त जानकारी के अनुसार डंपर में राष्ट्रीय राजमार्ग के मेंटेनेंस कार्य के लिए तारकोल मिश्रित बजरी भरी हुई थी। प्रारंभिक तौर पर माना जा रहा है कि डीजल लीक होने के कारण टायरों में आग लगी, जो देखते ही देखते पूरे अगले हिस्से तक फैल गई। यह भी आशंका जताई जा रही है कि अचानक ब्रेक लगाने के कारण टायर अत्यधिक गर्म हो गए होंगे, जिससे आग भड़क उठी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग तेजी से फैल रही थी और डंपर से ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं।
यदि आग डंपर के पिछले हिस्से तक पहुंच जाती, जहां तारकोल मिश्रित सामग्री भरी हुई थी, तो हादसा और भी गंभीर रूप ले सकता था तथा आसपास गुजर रहे अन्य वाहनों के लिए भी खतरा पैदा हो सकता था। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। वहीं, डायल-112 और शाहाबाद पुलिस की टीम भी तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गई। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने कुछ समय के लिए यातायात रोक दिया, ताकि राहत एवं बचाव कार्य में कोई बाधा न आए।
आग बुझने के बाद यातायात को सामान्य रूप से बहाल कर दिया गया। बताया जा रहा है कि घटना के बाद डंपर चालक मौके से चला गया। हालांकि गनीमत यह रही कि चालक ने समय रहते डंपर को पूरी तरह सड़क किनारे खड़ा कर दिया, जिससे किसी अन्य वाहन या राहगीर को नुकसान नहीं पहुंचा। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।

