Site icon Dainik Savera Times

डंपर ने मोटरसाइकिल को मारी टक्कर; दंपति और 4 साल के बच्चे की मौत

यमुनानगर: शहर के पुराना सहारनपुर मार्ग पर पांसरा रेलवे क्रासिंग के पास डंपर की टक्कर लगने से मोटरसाइकिल सवार दंपत्ति व उनके चार वर्षीय बेटे की मौत हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तीनों शवों को अस्पताल में पहुंचाया। जानकारी के मुताबिक उत्तराखंड के गांव झबरेड़ा(हरिद्वार) निवासी सचिन(29) अपनी पत्नी नेहा(27) व चार वर्षीय बेटे नोनू के साथ पिछले कुछ समय से यमुनानगर में चिट्टा मंदिर के पास किराए के मकान में रह रहा था। वह शहर की मीना मार्केट में काम करता था।

बताया गया है कि सोमवार को सचिन अपनी पत्नी नेहा और चार वर्षीय बेटे नोनू के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर अपने घर उत्तराखंड जा रहा था। इस दौरान रास्ते में जैसे ही वह पांसरा रेलवे क्रासिंक के पास पहुंचे तो पीछे से आ रहे डंपर ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह तीनों सडक पर गिरकर गंभीर रुप से घायल हो गए। राहगिरों ने तुरंत तीनों घायलों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल में पहुंचाया गया।

जहां पर डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है और क्षतिग्रस्त बाइक को कब्जे में ले लिया है। हादसे के बाद आरोपी डंपर चालक मौके से फरार हो गया। हादसे की सूचना मिलने पर परिजन अस्पताल पहुंचे। बताया गया कि सचिन की सात वर्षीय बेटी उत्तराखंड में अपनी दादी के पास रहती है। सदर थाना प्रभारी सलिंद्र कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और फरार डंपर चालक की तलाश जारी है। शवों का पोस्टमार्टम मंगलवार को कराया जाएगा।

Exit mobile version