जींद: शहर की नई काठ मंडी स्थित एक फर्नीचर की दुकान में आग लगने से करीबन 4 से 5 लाख रुपये का सामान जल कर राख हो गया। आग बिजली के शार्ट सर्किट से लगी बताई जा रही है। सूचना मिलने पर फर्नीचर एसोसिएशन के संरक्षक राजकुमार गोयल व अन्य पदाधिकारी मौके पर पहुंचे। गोयल ने प्रशासन से मांग की है कि आग शार्ट सर्किट से लगी बताई जा रही है ऐसे में पूरे नुकसान की भरपाई बिजली निगम को करनी चाहिए। अवनी ट्रेडर्स के मालिक प्रवीण गोयल ने बताया कि वे कल शाम को रोजाना की तरह दुकान बंद करके घर चले गए थे। रात करीब 2 बजे चौकीदार ने फोन कर आग लगने की जानकारी दी। सूचना मिलते ही वे मौके पर पहुंचे। फायर ब्रिगेड की गाडियां भी मौके पर पहुंची।
कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया लेकिन तब तक काफी माल जल चुका था। प्रवीण गोयल ने बताया कि उनकी दुकान पर सोफों की मैन्युफैरिंग होती है। सोफे के ढांचे और तैयार माल आग की चपेट में आ गए। अनुमान है कि आग से करीब 4 से 5 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। फर्नीचर एसोसिएशन के संरक्षक राजकुमार गोयल ने प्रशासन से मांग की है कि आग शार्ट सर्किट से लगी बताई जा रही है ऐसे में पूरे नुकसान की भरपाई बिजली विभाग को करनी चाहिए। इस घटना की एक सीसीटीवी भी सामने आई है जिसमें शार्ट सर्किट से आग लगने के बाद चिंगारी निकलती दिखाई दे रही है।

