Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

लोकतंत्र की मजबूती के संकल्प के साथ करनाल में उमड़ा जनसैलाब

November 6, 2026

लोकतंत्र की मजबूती के संकल्प के साथ करनाल में उमड़ा जनसैलाब

करनाल : केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में करनाल में आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा में उमड़े जनसैलाब ने शहर की राजनीतिक और सामाजिक सक्रियता की एक प्रभावशाली तस्वीर प्रस्तुत की। पदयात्रा में महापौर रेणु बाला गुप्ता ने सक्रिय सहभागिता करते हुए आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। हजारों की संख्या में पहुंचे भाजपा कार्यकर्ताओं, नागरिकों और समर्थकों के उत्साह तथा व्यापक जनभागीदारी से पूरे आयोजन में खास ऊर्जा देखने को मिली।

इस अवसर पर भाजपा की राष्ट्रीय महामंत्री एवं हरियाणा प्रभारी स्मृति जुबिन ईरानी, केंद्रीय ऊर्जा एवं आवासन तथा शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और भाजपा हरियाणा की प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता सहित अनेक वरिष्ठ नेता, प्रदेश पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अपने संबोधन में लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती, राष्ट्रीय एकता और सुशासन के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया।

उन्होंने कार्यकर्ताओं और नागरिकों से लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति सजग रहने तथा राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का आह्वान किया। केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने अपने संबोधन में कहा कि लोकतंत्र की वास्तविक शक्ति जनता की भागीदारी और उसकी जागरूकता में निहित है। उन्होंने संगठन की एकजुटता, विकास और जनकल्याण के संकल्प को आगे बढ़ाने पर बल दिया। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अपने संबोधन में हरियाणा में विकास, सुशासन और जनसेवा के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।

उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास और कार्यकर्ताओं की मेहनत ही किसी भी जनआंदोलन तथा लोकतांत्रिक अभियान की सबसे बड़ी ताकत होती है। पदयात्रा के सफल आयोजन और उसमें उमड़े जनसमर्थन पर महापौर रेणु बाला गुप्ता ने करनाल की जनता, पार्टी कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों, सामाजिक संगठनों तथा सभी सहयोगियों का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि करनाल की जनता ने जिस उत्साह, अनुशासन और एकजुटता के साथ पदयात्रा में भागीदारी की, वह वास्तव में सराहनीय और प्रेरणादायक है।

महापौर ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के ओजस्वी नेतृत्व, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में आयोजित इस पदयात्रा ने लोकतांत्रिक मूल्यों, राष्ट्रीय एकता और जनभागीदारी के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता को नई ऊर्जा दी है। ऐसे आयोजन केवल राजनीतिक कार्यक्रम नहीं होते, बल्कि जनता और संगठन के बीच संवाद, विश्वास और सहभागिता को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने विशेष रूप से उन सभी कार्यकर्ताओं का धन्यवाद किया, जिन्होंने दिन-रात मेहनत करके पदयात्रा की तैयारियों को अंतिम रूप दिया। व्यवस्थाओं में सहयोग करने वाले प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिसकर्मियों, विभिन्न विभागों के कर्मचारियों, स्वयंसेवकों और आयोजन से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति के योगदान की भी सराहना की।

महापौर ने कहा कि करनाल की जनता ने एक बार फिर साबित किया है कि जब कोई उद्देश्य सामूहिक संकल्प और जनभागीदारी से जुड़ता है तो उसकी सफलता और प्रभाव दोनों व्यापक हो जाते हैं। पदयात्रा में महिलाओं, युवाओं, बुजुर्गों और विभिन्न वर्गों के नागरिकों की उत्साहपूर्ण उपस्थिति ने आयोजन को विशेष गरिमा प्रदान की। उन्होंने कहा कि दानवीर कर्ण की इस ऐतिहासिक नगरी की पहचान सदैव सामाजिक समरसता, सहयोग, जागरूकता और सकारात्मक सहभागिता से रही है। यहां के नागरिकों ने हर महत्वपूर्ण अवसर पर अपनी जिम्मेदारी और प्रतिबद्धता का परिचय दिया है। इस पदयात्रा में दिखाई दिया जनसमर्थन भी उसी जीवंत परंपरा का प्रतीक है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें