लाडवा: लाडवा के वार्ड नंबर 9 में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक हादसा सामने आया। यहां एक ड्राई क्लीनर की दुकान में अचानक भीषण आग लग गई, जिससे दुकान में रखा लाखों रुपए का कपड़ा, मशीनें और अन्य सामान जलकर राख हो गया। आग इतनी तेजी से फैली कि दुकान के साथ बने मकान तक उसकी लपटें पहुंच गईं। हादसे में लगभग 7 से 8 लाख रुपए के नुक्सान का अनुमान लगाया जा रहा है। ड्राई क्लीनर सन्नी चौहान ने बताया कि उनके घर के बाहर ही उनकी ड्राई क्लीनिंग व प्रेस की दुकान है। शुक्रवार देर रात लगभग 3 बजे (शनिवार तड़के) अचानक दुकान में आग लग गई।
ये भी पढ़ें: वफादारी की मिसाल: बर्फ में 4 दिन तक मालिक के शव की रखवाली करता रहा कुत्ता
शुरूआत में किसी को भनक नहीं लगी, लेकिन करीब 4 बजे उनकी माता को उस समय आभास हुआ जब धुआं घर के कमरों तक पहुंचने लगा और सांस घुटने लगी। जैसे ही परिवार के सदस्य जागे, उन्होंने देखा कि दुकान से आग की तेज लपटें और घना धुआं निकल रहा है, जो सीधे घर के अंदर प्रवेश कर रहा था। उन्होंने बताया कि आग में लगभग 2 से 2.5 लाख रुपए के ग्राहकों के नए व पुराने कपड़े जल गए, जो ड्राई क्लीन और प्रेस के लिए आए हुए थे। इसके अलावा दुकान की पीवीसी फिटिंग पर करीब 1 से 1.5 लाख रुपए का नुक्सान हुआ। दुकान में रखा कूलर, पंखा, कैश और कपड़े ड्राई क्लीन करने की महंगी मशीनें भी पूरी तरह जलकर राख हो गईं।
वहीं, आग की चपेट में आने से मकान के लेंटर का सीमेंट उखड़कर नीचे गिर गया और फर्श भी क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे करीब 2 लाख रुपए से अधिक का अतिरिक्त नुक्सान हुआ। वहीं सूचना मिलते ही पड़ोसी मौके पर इकट्ठा हो गए और आग बुझाने का प्रयास किया। सनी चौहान ने तुरंत लाडवा अग्निशमन विभाग को सूचना दी। दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आग दुकान और सामान को पूरी तरह अपनी चपेट में ले चुकी थी। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। पीड़ित परिवार ने सरकार और स्थानीय प्रशासन से आर्थिक सहायता की गुहार लगाई है, ताकि हुए भारी नुक्सान की भरपाई की जा सकें।
ये भी पढ़ें: बीजापुर-तेलंगाना बॉर्डर पर नक्सलियों का हमला, IED ब्लास्ट में 11 जवान घायल

