
लाडवा : सोमवार सुबह लाडवा के मुख्य बाजार में एक प्लास्टिक सामान, बांस, मंज्जे आदि की दुकान में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण बिजली का शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। आग इतनी भयंकर थी कि दुकान में रखा प्लास्टिक सहित अन्य सामान जलकर राख हो गया। दुकानदार विजय गोयल के अनुसार आग से करीब 10 से 15 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। दुकानदार विजय गोयल ने बताया कि शनिवार रात को वह रोजाना की तरह दुकान बंद करके घर चले गए थे।
रविवार को साप्ताहिक अवकाश होने के कारण बाजार की अन्य दुकानों की तरह उनकी दुकान भी बंद थी। सोमवार सुबह कुछ लोग दुकान के बाहर प्रतिदिन की तरह चाय पी रहे थे। इसी दौरान उन्हें दुकान के अंदर से किसी चीज के गिरने या फटने जैसी आवाज सुनाई दी। जब उन्होंने दुकान के शटर को हाथ लगाया तो वह काफी गर्म था। इसके बाद उन्होंने तुरंत विजय गोयल को इसकी सूचना दी। उन्होंने बताया कि तीज पर्व नजदीक होने के कारण उन्होंने दुकान में रस्सियां व प्लास्टिक से संबंधित अन्य सामान काफी मात्रा में भरकर रखा हुआ था।
आग की चपेट में आने से अधिकांश सामान जल गया, जबकि कुछ सामान आग की गर्मी और धुएं के कारण खराब हो गया। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक अनुमान के अनुसार करीब 10 से 15 लाख रुपए का नुकसान हो चुका है, जबकि दुकान में मौजूद अन्य सामान की जांच करने के बाद ही वास्तविक नुकसान का पता चल पाएगा। उन्होंने बताया कि अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि आग किस कारण लगी।
हालांकि प्रथम दृष्टया बिजली के शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलते ही दुकानदार और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तथा फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। आग की स्थिति को देखते हुए दुकानदारों ने शटर तोडक़र दुकान खोली। अंदर आग की लपटें उठ रही थीं। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने दुकानदारों और राहगीरों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
मेष: दिन शुभ रहेगा...