फतेहाबाद: फतेहाबाद के गांव बड़ोपल और धांगड़ के बीच आज 5 बजे के आस पास श्रद्धालुओं से भरी एक निजी बस में भयंकर आग लग गई। चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते बस को सड़क किनारे रोका और सवारियों को नीचे उतार दिया, जिस कारण बड़ा हादसा होने से टल गया। सूचना पाकर दमकल विभाग फतेहाबाद के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाया, लेकिन बस जलकर पूरी तरह राख हो चुकी थी। जानकारी के अनुसार हिसार के आजाद नगर से एक प्राइवेट बस श्रद्धालुओं को लेकर सिरसा के सिकंदरपुर स्थित डेरा राधा स्वामी जा रही थी। जैसे ही बस फतेहाबाद के गांव बड़ोपल और धांगड़ के बीच होटल कमल कीकू के पास पहुंची तो अचानक बस में शॉर्ट सर्किट से धुआं निकलने लगा। चालक ने बस को तुरंत रोक दिया और सभी सवारियों को नीचे उतरने के लिए कहा। तुरंत ही सवारियां भी नीचे उतर आई।
सवारियों के नीचे उतरते ही अचानक बस आग का गोला बन गई। फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई और आग बुझाने का काम शुरू किया गया। दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया। इसके बाद दूसरी बस मंगवाकर श्रद्धालुओं को सिकंदरपुर डेरा के लिए रवाना कर दिया गया। राधा स्वामी डेरा सिकन्दरपुर में 30 नवम्बर और 1 दिसम्बर को दो दिवसीय सालाना भंडारा आयोजित हो रहा है। जिसमें हरियाणा पंजाब राजस्थान दिल्ली सहित आसपास के सभी राज्यों से हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।चालक दादरी निवासी अमित कुमार है और बस में 61 लोग सवार थे। टायर में आग लगने से बस में आग पहुंची।
मेष: दिन शुभ रहेगा...