Last Updated: October 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

तीसरी मंजिल की छत पर रखे सोलर गीजर वाटर टैंक में ब्लास्ट

February 3, 2026

तीसरी मंजिल की छत पर रखे सोलर गीजर वाटर टैंक में ब्लास्ट

यमुनानगर : यमुनानगर के सिविल अस्पताल परिसर स्थित सीएमओ, मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय की बिल्डिंग में देर रात उस वक्त हडकंप मच गया, जब अचानक एक जोरदार धमाका हुआ। धमाका इतना तेज था कि बिल्डिंग की तीसरी मंजिल की खिड़की का कांच चकनाचूर हो गया और छज्जे से एक भारी पिल्लर टूटकर नीचे खड़ी सरकारी गाड़ी पर जा गिरा। हादसा रात करीब एक बजे के आसपास हुआ। गनीमत रही कि उस समय घटनास्थल पर कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

धमाके की आवाज सुनते ही अस्पताल परिसर में मौजूद स्टाफ और मरीजों के तीमारदार सीएमओ कार्यालय की ओर दौड़ पड़े। मौके पर पहुंचने पर देखा गया कि नीचे मलबा बिखरा पड़ा था, चारों तरफ कांच के टुकड़े फैले थे और एक भारी पिल्लर सरकारी गाड़ी के ऊपर गिरा हुआ था, जिससे वाहन को नुकसान पहुंचा है। एक मरीज ने बताया कि वह रात के समय अस्पताल के बाहर टहल रहा था। इसी दौरान करीब एक बजे अचानक तेज धमाके की आवाज आई।

पहले तो उसे कुछ समझ नहीं आया, लेकिन कुछ ही पलों में उसने देखा कि लोग सीएमओ दफ्तर की ओर भाग रहे हैं। वह भी मौके पर पहुंचा, जहां छत से टूटा हुआ बड़ा पिल्लर एक गाड़ी पर गिरा हुआ था और आसपास कांच बिखरा हुआ था। दृश्य काफी भयावह था। घटना की सूचना मिलते ही सीएमओ डॉ. जितेंद्र तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। डॉ. जितेंद्र ने बताया कि रात करीब एक बजे अस्पताल से उन्हें फोन आया था कि सिविल सर्जन कार्यालय के छज्जे से धमाके के साथ एक बड़ा पिल्लर टूटकर नीचे गिर गया है। इसके बाद वह तत्काल अस्पताल पहुंचे और स्वयं पूरी बिल्डिंग का निरीक्षण किया।

सीएमओ ने बताया कि छत पर जांच के दौरान सोलर सिस्टम के पास लगा एक वाटर टैंक फटा हुआ पाया गया। प्राथमिक तौर पर अंदेशा जताया जा रहा है कि वाटर टैंक में किसी कारणवश गैस भर गई, जिससे यह ब्लास्ट हुआ। इसी धमाके के कारण बिल्डिंग की खिड़कियों के शीशे टूटे और छज्जे से पिल्लर गिर गया। घटना के संबंध में लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) को सूचित कर दिया गया है। विभाग के अधिकारी अस्पताल की बिल्डिंग का विस्तृत निरीक्षण करेंगे, जिसके बाद ही हादसे के सही और सटीक कारणों का पता चल सकेगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें