पानीपत में तेज रफ्तार बोलेरो ने महिला को टक्कर मार दी। महिला सड़क किनारे अपने बेटे के साथ खड़ी होकर ऑटो का इंतजार कर रही थी। इसी बीच एक तेज रफ्तार बोलेरो महिला के ऊपर से गुजर गई। हादसे में महिला की मौत हो गई। हादसा जीटी रोड नेशनल हाइवे 44 का है।
हादसे के बाद राहगीरों ने बोलेरो चालक को पकड़ लिया। बेटा घायल मां को एम्बुलेंस की सहायता से लेकर अस्पताल पहुंच। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटनास्थल पर सूचना मिलते ही पुलिस पहुंच गई।
पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच–पड़ताल की। आरोपी के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर लिया। आरोपी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने शव को कब्जे में ले पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भिजवाया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
मृतक की पहचान कृष्णपुरा निवासी 65 वर्षीय स्वर्ण कौर के रूप में हुई है। जिसके बेटे बलजिंद्र सिंह ने बताया कि उसकी मां गांजबड़ स्थित फैक्ट्री में कार्य खत्म कर जाने के लिए उसके साथ ही सड़क किनारे ऑटो का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार बोलेरो ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही महिला जमीन पर गिर पड़ी और गाड़ी उसे कुचलते हुए उसके ऊपर से गुजर गई।
हादसे में महिला की मौत हो गई। आरोपी को गिरफ्तार कर पुलिस ने पूछताछ की। आरोपी ने अपनी पहचान उत्तर प्रदेश के बलिया जिला निवासी अतुल कुमार के रूप में बताई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

