Last Updated: October 3, 2026

Dainik Savera Times Logo

दोस्तों के साथ पार्टी करने गई छात्र की संदिग्ध हालात में मौत

June 20, 2024

दोस्तों के साथ पार्टी करने गई छात्र की संदिग्ध हालात में मौत

सोनीपत : गोहाना में जींद रोड स्थित कैफे में युवती को जहर खिलाकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। युवती घर से कॉलेज जाने के लिए निकली थी। उसके बाद दो परिचित युवकों संग कैफे में पार्टी करने चली गई। आरोप है कि आरोपी युवती को खानपुर कलां मेडिकल कॉलेज में छोड़कर भाग गए। मैडीकल कॉलेज से छात्र के पिता को मामले की जानकारी दी गई। पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। गोहाना क्षेत्र के ग्रामीण ने सिटी थाना पुलिस को बताया कि उनकी तीन बेटियां है।

सबसे बड़ी 18 वर्षीय बेटी गोहाना के महाविद्यालय में स्नातक की पढ़ाई कर रही है। सोमवार को उनकी बेटी सुबह 9:20 बजे गांव से बस स्टैंड से महाविद्यालय के लिए गई थी। लेकिन महाविद्यालय जाने की बजाय गोहाना में जींद रोड स्थित एक कैफे में दो परिचित युवकों रोहित व सचिन कुमार के साथ पार्टी के लिए चली गई थी। दोनों युवकों ने उनकी बेटी को कैफे में जहर खिला दिया। बाद में वह खानपुर कलां के मेडिकल कॉलेज में छोड़कर भाग गए।

अस्पताल से उन्हें सूचना मिली कि उनकी बेटी की मौत हो चुकी है। वह अस्पताल पहुंचे तो रोहित व सचिन नाम के युवकों की तरफ से उनकी बेटी को लेकर आने का पता लगा। उन्होंने दोनों पर ही जहर खिलाकर हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। गोहाना थाना प्रभारी इंस्पेक्टर मोहन सिंह ने बताया कि गोहाना के एक कैफे में युवती को जहर खिलाकर मारने की शिकायत मिली है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। छात्र के शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। जिसमें मौत के असल कारण सामने आ सकेंगे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें