फरीदाबाद: हरियाणा के फरीदाबाद जिले में 14 कांवड़िये हाईटेंशन तार की चपेट में आ गए। हादसे में एक युवक की मौत हो गई। जबकि अन्य घायल युवकों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतक की पहचान नितिन (20) पुत्र आजाद के रूप में हुई है।
हादसा जिले के तिगांव से सटे नवादा में डाक कांवड़ ले जाने की तैयारी के दौरान हुआ। नितिन के पड़ोसी जयप्रकाश ने उन्हें बताया कि गांव के करीब 14 कांवड़िये आज शाम डाक कांवड़ लेने के लिए हरिद्वार जाने की तैयारी कर रहे थे। इसके चलते उन्होंने एक कैंटर बुक किया था। कांवड़िये आज सुबह बल्लभगढ़ से कैंटर को डीजे से सजाकर तिगांव आ रहे थे। जहां से उन्हें आज शाम हरिद्वार के लिए निकलना था।
जयप्रकाश ने बताया कि जैसे ही उनका कैंटर तिगांव के पास नवादा में शिव कॉलेज के पास पहुंचा। इसी दौरान कैंटर 11 हजार हाई वोल्टेज बिजली की तारों की चपेट में आ गया और उस पर बैठे करीब 14 कांवड़िये बुरी तरह झुलस गए। कई तो कैंटर से नीचे गिर भी गए। आनन-फानन में सभी को उपचार के लिए तिगांव के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। लेकिन वहां नितिन की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसके परिजनों को किसी बड़े अस्पताल में ले जाने को कहा। इसके बाद नितिन के परिजन उसे फरीदाबाद के एक निजी अस्पताल में ले गए। जहां डॉक्टरों ने उसे देखते ही मृत घोषित कर दिया।
जयप्रकाश के मुताबिक नितिन तीन भाई-बहन थे, जिसमें नितिन घर में सबसे छोटा था। वह पढ़ाई छोड़कर मजदूरी करता था। उन्होंने बताया कि सभी कांवड़ियों को आज हरिद्वार पहुंचना था और 2 तारीख को शिवरात्रि के दिन उन्हें वापस लौटना था। लेकिन आज रवाना होने से पहले ही यह हादसा हो गया। इस हादसे के बाद पूरे गांव में गम का माहौल है। जयप्रकाश ने बताया कि बिजली की तारें काफी नीचे थीं। गांव के सरपंच ने इसकी शिकायत बिजली विभाग से की, लेकिन बिजली विभाग की लापरवाही के कारण इन तारों को ऊपर नहीं किया गया।

