Site icon Dainik Savera Times

पराली से भरी ट्रॉली में लगी आग, दमकल ने मौके पर पहुंचकर पाया काबू

भूना: हिसार रोड पर मॉडल टाउन की मुख्य सड़क पर बुधवार दोपहर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। खेतों से लाई जा रही पराली से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते पूरी ट्रॉली धू-धू कर जल उठी और कुछ ही मिनटों में पराली राख में तब्दील हो गई। हालांकि, चालक की सूझबूझ से बड़ा नुकसान टल गया। उसने समय रहते ट्रैक्टर को ट्रॉली से अलग कर लिया, जिससे ट्रैक्टर जलने से बच गया। चंदन नगर निवासी महेंद्र सिंह खेतों से पशुओं के चारे के लिए पराली का स्टॉक लेकर आ रहा था। जैसे ही वह हिसार रोड से मॉडल टाउन की मुख्य सड़क पर पहुंचा, तभी अचानक ट्रॉली में आग भड़क गई।

आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है, लेकिन माना जा रहा है कि किसी के फेंके गए बीड़ी-सिगरेट के टुकड़े या चिंगारी से आग लगी होगी। घटना के दौरान आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने बाल्टी से पानी और मिट्टी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन पराली में तेजी से फैलती लपटों पर काबू पाना मुश्किल हो गया। सूचना मिलते ही भूना दमकल विभाग की गाड़ी मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि सर्दियों के मौसम में पराली का परिवहन आम बात है, लेकिन थोड़ी-सी लापरवाही बड़े हादसे का कारण बन सकती है। उन्होंने प्रशासन से अपील की कि ऐसी घटनाओं से बचाव के लिए जागरूकता अभियान चलाया जाए और खुले में पराली ढोते समय सुरक्षा उपायों का पालन अनिवार्य किया जाए।

ये भी पढ़ें : US Israel Iran war: भयानक जंग से ईरान में मची हाहाकार, सड़कों पर लगा लंबा जाम

Exit mobile version