
गुरुग्राम में दोस्तों के बीच हुई झड़प में एक युवक की पीट–पीट कर हत्या करने का मामला सामने आया है। युवक का उसके दोस्त के साथ किसी बात पर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि उसी दोस्त ने तैश में आकर युवक को मौत के घाट उतार दिया।
मृतक की पहचान मारुति कुंज पुलिस चौकी क्षेत्र निवासी आदेश के रूप में हुई है। जिसका उसके दोस्त गिरधर के साथ किसी बात पर विवाद हो गया। गिरधर ने गुस्से में झगड़े के दौरान बुरी तरह बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। गिरधर आदेश को तब तक पीटता रहा, जब तक आदेश की मौत नहीं हो गई।
आदेश की हत्या के बाद पुलिस को सूचित किया गया। मौके पर पहुंच कर पुलिस ने आदेश के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए शवगृह में रखवाया है। गिरधर को पुलिस ने गिरफ्तार कर हिरासत में लिया है। गिरधर से पुलिस पूछताछ कर रही है।
आगामी कार्रवाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की शिकायत के आधार पर की जाएगी। शव को सोहना अस्पताल में रखा गया है। स्थानीय लोगों ने बयान देते हुए बताया कि दो युवक आपस में बातचीत कर रहे थे। तभी दोनों के बीच झगड़ा शुरू हो गया। झगड़े के बाद दोनों के बीच मारपीट होने लगी। कुछ देर बाद एक युवक दूसरे को जमीन ओर पड़ा छोड़ कर भाग गया।
जिसके बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को घटना की सूचना देते हुए बताया कि किसी युवक ने गुस्से में अपने दोस्त की हत्या कर दी है। युवक मृत अवस्था में पड़ा है। जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई। मामले को लेकर कार्रवाई जारी है।