Site icon Dainik Savera Times

शादी में नाचते समय पैर लगने पर चाकू से गोदकर युवक की हत्या

ढांड : गांव पबनावा में शादी समारोह के दौरान डीजे पर नाचते समय पैर लगने को लेकर हुए मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। कहासुनी के बाद एक युवक चाकू लेकर वापस लौटा और 22 वर्षीय तनिष पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल तनिष की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। वह करीब दो साल पहले जर्मनी से डिपोर्ट होकर भारत लौटा था। इसके बाद गांव में ही डेयरी चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहा था।

परिवार में उसकी पत्नी, चार महीने की बेटी, पिता कृष्ण और छोटा भाई लविश हैं। जानकारी के अनुसार, सोमवार रात गांव पबनावा में बलराज सिंह के बेटे विशाल की शादी का समारोह चल रहा था। समारोह में डीजे पर तनिष और एक अन्य युवक नाच रहे थे। इसी दौरान नाचते समय तनिष का पैर दूसरे युवक के पैर पर लग गया। इस बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढऩे पर दूसरा युवक वहां से चला गया। इसके बाद डीजे भी बंद करवा दिया गया।

आरोप है कि कहासुनी के कुछ देर बाद दूसरा युवक चाकू लेकर वापस आया और तनिष पर हमला कर दिया। उसने तनिष के सिर और छाती पर चाकू से कई वार किए। अचानक हुए हमले में तनिष गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। परिजन उसे तुरंत सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

Exit mobile version