Site icon Dainik Savera Times

अभय चौटाला ने हाईकोर्ट में लगाई सुरक्षा बढ़ाने की अर्जी, परिवार को भी खतरा

हरियाणा के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक अभय सिंह चौटाला ने पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाते हुए अपने और परिवार की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। याचिका में चौटाला ने दावा किया है कि उन्हें पिछले दो वर्षों से अज्ञात नंबरों और अंतरराष्ट्रीय गिरोहों की ओर से लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं।

ये भी पढ़ें: छह साल की मासूम बाथरूम में मिली मृत, गांव में सनसनी

चौटाला ने कोर्ट को बताया कि 15 जून 2023 से 15 जुलाई 2025 के बीच कई बार ऐसे कॉल और व्हाट्सऐप मैसेज आए, जिनमें सीधे तौर पर उनके परिवार को भी नुकसान पहुंचाने की चेतावनी दी गई। कई संदेशों में कहा गया, “यह आखिरी चेतावनी है,” जिससे खतरे की गंभीरता और बढ़ गई।

पूर्व विधायक ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार को कई आवेदन और शिकायतें भेजने के बावजूद पर्याप्त सुरक्षा नहीं मिली। उन्होंने केंद्र से केंद्रीय सुरक्षा बल के माध्यम से तत्काल सुरक्षा मुहैया कराने की अपील की है।

याचिका में नफे सिंह राठी की हत्या का भी उल्लेख है। चौटाला ने कहा कि इसमें अंतरराष्ट्रीय गिरोहों और राजनीतिक विरोधियों की भूमिका की आशंका है। उनका कहना है कि यह केवल व्यक्तिगत सुरक्षा का मामला नहीं, बल्कि राष्ट्रीय सुरक्षा का संवेदनशील विषय है, इसलिए उनकी सुरक्षा तुरंत बढ़ाई जानी चाहिए।

Exit mobile version