Last Updated: October 3, 2026

Dainik Savera Times Logo

KGP Highway पर बड़ा हादसा: मथुरा जा रही श्रद्धालुओं की बस ट्रक से टकराई, 9 घायल

April 23, 2025

KGP Highway पर बड़ा हादसा: मथुरा जा रही श्रद्धालुओं की बस ट्रक से टकराई, 9 घायल

Accident on KGP Highway : फरीदाबाद: जालंधर से मथुरा-वृंदावन तीर्थ यात्रा पर जा रही श्रद्धालुओं से भरी एक बस बुधवार तड़के केजीपी हाईवे पर दर्दनाक हादसे का शिकार हो गई। यह दुर्घटना सुबह करीब 3:15 बजे छांयसा टोल के पास हुई, जब बस एक खड़े ट्रक से पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस के आगे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और खिड़कियों के शीशे तक चकनाचूर हो गए।

-हादसे में 9 लोग हुए घायल

हादसे में बस चालक और कंडक्टर समेत लगभग 9 लोग घायल हो गए हैं, जिनमें कई महिलाएं भी शामिल हैं। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में उपचार के लिए भेजा गया, जबकि कुछ की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बल्लभगढ़ स्थित सिविल अस्पताल रेफर किया गया है।

जानकारी के मुताबिक, बस में 25 से 30 श्रद्धालु सवार थे, जो पंजाब के जालंधर से मथुरा जा रहे थे। जैसे ही बस केजीपी-कैम्प हाईवे पर छांयसा टोल के पास पहुंची, अचानक सामने खड़े एक ट्रक से टकरा गई। ट्रक चालक मौके से फरार हो गया और उसका वाहन नंबर भी किसी ने नोट नहीं किया।

-मौके पर पहुंची पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला। पुलिस अधिकारी प्रकाश कुमार ने बताया, “हमें सुबह कंट्रोल रूम से हादसे की जानकारी मिली। मौके पर पहुंचकर देखा गया कि बस पूरी तरह क्षतिग्रस्त थी और कई लोग घायल अवस्था में फंसे थे। ट्रक चालक के खिलाफ कार्रवाई के लिए टोल प्लाजा के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

फिलहाल सभी घायलों की स्थिति स्थिर बताई जा रही है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस को हटाकर यातायात सामान्य कर दिया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और चालक-कंडक्टर से उनकी स्थिति सुधरने के बाद पूछताछ की जाएगी। श्रद्धालुओं की यह यात्रा मथुरा दर्शन से पहले ही रुक गई, लेकिन राहत की बात यह है कि कोई जनहानि नहीं हुई है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें