Site icon Dainik Savera Times

ऑनलाइन निवेश के नाम व्यक्ति से 60.50 लाख रूपये ठगने वाला आरोपी गिरफ्तार

कैथल: फेसबुक पर स्टॉक मार्केट में निवेश का लालच देकर साइबर ठगों ने गुहला निवासी से 60 लाख 50 हजार रुपये हड़प लिए। मामला गंभीर होने पर साइबर क्राइम थाना कैथल की टीम ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपित को उड़ीसा से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। थाना प्रभारी पीएसआइ शुभ्रांशु की अगुवाई में एएसआइ नरेश कुमार की टीम ने उड़ीसा जिला खुर्दा के विद्यागिरी विहार निवासी सुधांशु शेखर नायक को काबू किया। जांच में सामने आया कि उसने अपने बैंक खाते और सिम कार्ड साइबर ठगों को मुहैया कराए थे, जिनका इस्तेमाल ठगी में हुआ।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार शिकायतकर्ता इकबाल के एक्सिस बैंक और पंजाब नेशनल बैंक में खाते हैं। छह जुलाई को उसने फेसबुक पर स्टॉक मार्केट से जुड़ा विज्ञापन देखा। दिए गए लिंक को खोलने पर एक्सिस डायरेक्ट नाम की वेबसाइट खुली। मांगी गई जानकारी और दस्तावेज अपलोड करने के बाद वेबसाइट पर उसका खाता बन गया। शुरूआत में उसे वाट्सएप पर संदेश आए, जिनमें आठ प्रतिशत तक मुनाफे का दावा किया गया था। पहले छोटे-छोटे लेन-देन पर लाभ दिखाया गया जिससे उसका भरोसा बढ़ गया। इसके बाद उसने अलग-अलग खातों में कुल 60 लाख 50 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए।

जब उसने पूंजी और मुनाफा निकालने की कोशिश की तो न तो रकम निकली और न ही मूलधन वापस मिला। आरोपित लगातार उसे सेबी के फर्जी प्रमाणपत्र भेजते रहे।बैंकों व सेबी के नकली प्रमाणपत्र भेजते रहे। बाद में जब उसे अहसास हुआ कि धोखाधड़ी हुई है तो उसने साइबर क्राइम थाना कैथल में शिकायत दर्ज करवाई। इसी शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज किया और जांच करते हुए आरोपित को गिरफ्तार किया।

ये भी पढ़ें: अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस: केवल महिलाओं के लिए हैं ये सरकारी योजनाएं, मिलता है 8.2 प्रतिशत तक का ब्याज

Exit mobile version