Last Updated: September 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

कैथल में अवैध हथियार सप्लाई करने वाले 2 आरोपी गिरफ्तार, 7 दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा

June 17, 2026

कैथल में अवैध हथियार सप्लाई करने वाले 2 आरोपी गिरफ्तार, 7 दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा

हरियाणा डेस्क: कैथल जिले में अवैध हथियारों और कारतूसों की सप्लाई करने वाले अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट (एसडीयू) ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर सात दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है, ताकि हथियारों की सप्लाई से जुड़े अन्य पहलुओं की गहन जांच की जा सके।

स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट ने 2 आरोपी गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार, इसी कड़ी में स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट के प्रभारी इंस्पेक्टर सुनील कुमार के नेतृत्व में एएसआई बलकार सिंह की टीम ने गांव राहड़ा निवासी दीपक उर्फ दीपू और रामपाल उर्फ मोनू को गिरफ्तार किया।

तलाशी के दौरान बरामद हुए हथियार

मामले की शुरुआत 30 मई को हुई थी, जब एसडीयू की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर प्यौदा-तितरम मोड़ स्थित बिजली घर के पास से करनाल जिले के राहड़ा गांव निवासी रणदीप उर्फ टिंकू को काबू किया था। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से दो पिस्तौल (.32 बोर), एक देसी कट्टा और छह जिंदा कारतूस बरामद किए गए थे। इस संबंध में थाना तितरम में मामला दर्ज किया गया था।

पूछताछ के दौरान हुए बड़े खुलासे

पूछताछ के दौरान रणदीप ने खुलासा किया कि बरामद हथियार उसे दीपक उर्फ दीपू और रामपाल उर्फ मोनू ने उपलब्ध कराए थे। इस सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि

रिमांड अवधि के दौरान आरोपियों से हथियारों के स्रोत, सप्लाई नेटवर्क और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के बारे में पूछताछ की जाएगी। जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि आरोपियों ने अब तक कितने लोगों को हथियार उपलब्ध कराए और उनका इस्तेमाल किन गतिविधियों में किया गया।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध हथियारों के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें