Site icon Dainik Savera Times

गगनदीप हत्याकांड में फरार चल रहे मुख्य आरोपियों को पुलिस ने नेपाल-भूटान बॉर्डर से किया गिरफ्तार

थानेसर : कुरुक्षेत्र पुलिस ने गगनदीप हत्याकांड में फरार चल रहे मुख्य आरोपियों को नेपाल-भूटान बॉर्डर से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक श्री चन्द्र मोहन के मार्गदर्शन में अपराध अन्वेषण शाखा-2 की टीम ने पश्चिम बंगाल पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए नेपाल व भूटान पुलिस की मदद से हत्या के आरोपी कर्ण व जशनदीप निवासी पेहवा तथा आशीष निवासी जींद को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपियों को छिपाने, उन्हें सहयोग देने और फरार होने में मदद करने के आरोप में तीन अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है।

लगातार पीछा कर बॉर्डर पर दबोचा

पुलिस टीम ने आरोपियों की गतिविधियों पर नजर रखते हुए उनका लगातार पीछा किया। अपराध अन्वेषण शाखा-2 और पश्चिम बंगाल पुलिस की संयुक्त टीम ने नेपाल व भूटान पुलिस के सहयोग से कार्रवाई करते हुए कर्ण, जशनदीप और आशीष को नेपाल-भूटान बॉर्डर से गिरफ्तार कर लिया। जिला पुलिस की टीम 21 सितंबर को आरोपियों को लेकर कुरुक्षेत्र के लिए रवाना हो चुकी है।

तीन अन्य आरोपी भी गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार, अपराध अन्वेषण शाखा-2 की टीम ने मुख्य आरोपियों को छिपाने, उन्हें सहयोग देने तथा फरार होने में मदद करने के आरोप में तीन अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों को माननीय अदालत में पेश किया जाएगा। अदालत के आदेश के बाद आरोपियों को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी, जिससे हत्याकांड से जुड़े अन्य तथ्यों का पता लगाया जा सके।

Exit mobile version