अम्बाला: जग्गी ग्रैंड प्रोजेक्ट के संबंध में खबरें प्रकाशित करने और उन्हें रोकने के बदले रकम मांगने के आरोप में पुलिस ने दीपक शांडिल्य और उसकी पत्नी ज्योति के खिलाफ मामला दर्ज किया है। दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 308(2) और 3(5) के तहत केस दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि प्रोजेक्ट को लेकर पहले 15 लाख रुपये एकमुश्त और एक लाख रुपये प्रतिमाह देने की मांग की गई। पुलिस को शिकायत पर जान से मारने की धमकी दी कहा कि जेल में बंद गैंगस्टरों, राजनेताओं, वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और वकीलों से मेरे संबंध हैं।
शिकायतकर्ता सुखविंदर सिंह के अनुसार वह जग्गी ग्रैंड में जीएम/कमांडिंग ऑफिसर हैं। शिकायत में कहा गया है कि प्रोजेक्ट के प्रमोटर/मालिक सरबजोत सिंह हैं। आरोप है कि दीपक शांडिल्य और ज्योति स्थानीय समाचार पत्र अंबाला न्यूज चलाते हैं। शिकायतकर्ता का आरोप है कि इससे पहले जग्गी सिटी सेंटर प्रोजेक्ट को लेकर भी नकारात्मक खबरें प्रकाशित की गईं और बाद में विज्ञापन के नाम पर भुगतान की मांग की गई। शिकायत के मुताबिक बाद में जग्गी ग्रैंड प्रोजेक्ट को लेकर भी खबरें प्रकाशित की गईं।
जून में बातचीत के दौरान कथित तौर पर 15 लाख रुपये एकमुश्त और एक लाख रुपये मासिक देने की मांग की गई। बातचीत के बाद नौ लाख रुपये और 25 हजार रुपये प्रतिमाह देने पर सहमति बनने का आरोप है।
शिकायतकर्ता ने बताया कि जून के दूसरे सप्ताह में वह अपनी पत्नी जसदेव कौर के साथ नौ लाख रुपये नकद लेकर आरोपितों के घर गया था। शिकायत के अनुसार रकम देने के बाद ज्योति ने कथित तौर पर छह लाख रुपये और बकाया होने की बात कही। शिकायतकर्ता ने यह रकम देने से इन्कार करने का दावा किया है।
शिकायत में आगे कहा गया है कि इसके बाद कुछ समय तक प्रोजेक्ट को लेकर नकारात्मक खबरें नहीं आईं। 30 जून को जग्गी ग्रैंड के संबंध में एक सकारात्मक खबर प्रकाशित होने का भी उल्लेख किया गया है। शिकायतकर्ता के अनुसार 7 और 8 अगस्त को 25 हजार रुपये का भुगतान किया गया। इसके बाद एक लाख रुपये प्रतिमाह और छह लाख रुपये अतिरिक्त देने की मांग किए जाने का आरोप है। शिकायत में कहा गया है कि रकम देने से इन्कार करने के बाद प्रोजेक्ट को लेकर फिर नकारात्मक खबरें और सोशल मीडिया पोस्ट किए गए।
शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि दीपक ने फेसबुक और इंस्टाग्राम पर वीडियो पोस्ट किए और 11 लाख रुपये तत्काल तथा एक लाख रुपये प्रतिमाह देने की मांग की। पुलिस को शिकायत देने पर जान से मारने की धमकी दिए जाने का आरोप भी लगाया गया है। शिकायत के अनुसार आरोपित ने जेल में बंद गैंगस्टरों, राजनेताओं, वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और वकीलों से संबंध होने का दावा भी किया। शिकायतकर्ता ने पुलिस को समाचार पत्रों की प्रतियां, विज्ञापन संबंधी सामग्री, ऑनलाइन भुगतान के रिकॉर्ड, वाट्सएप चैट, वीडियो और वॉयस रिकॉर्डिंग सहित अन्य सामग्री देने की बात कही है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद होगी।

