यमुनानगर : पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल के मार्गदर्शन में जिला पुलिस बदमाशों पर लगातार कड़ी कार्रवाई कर रही है। थाना बिलासपुर पुलिस टीम ने एक करोड़ की पफिरौती मांगने वाले आरोपी को अमरीका से डिपोर्ट होने पर दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया। आरोपी को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया गया है। पुलिस मामले की जनता से जांच कर रही है। थाना प्रबंधक बिलासपुर विनोद कुमार ने बताया कि दिसंबर 2024 में अनाज मंडी के आढ़ती से एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपियों में शामिल गौरव उर्फ गोलू को दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया है। आरोपी को विदेश अमरीका से डिपोर्ट किया गया था।
उसके खिलाफ पहले ही लुकआउट सर्कुलर (एलओसी) जारी कराया जा चुका था। आरोपी को पुलिस रिमांड पर लिया गया है। 8 जुलाई 2026 को इमिग्रेशन ब्यूरो, इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, नई दिल्ली से सूचना मिली कि आरोपी विदेश अमरीका से डिपोर्ट किया गया है और एयरपोर्ट पहुंचा है। सूचना मिलते ही एएसआई प्रवीन कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम दिल्ली पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी से पासपोर्ट, अमेरिकी डॉलर, अस्थायी पिन वाला बैंक कार्ड, डेबिट कार्ड, दो बोर्डिंग पास और एयर इंडिया का एक टिकट बरामद किया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने एक अन्य व्यक्ति असलम निवासी बरेली का नाम लिया, जिसने उसे बिलासपुर बुलाया था। पुलिस अब असलम की तलाश में जुटी है।

