लाडवा: लाडवा के गांव दबखेड़ा में रविवार देर रात एक बजे एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की बेल्ट से गला घोंटकर हत्या कर दी और इसके बाद खुद भी गांव के सरकारी जोहड़ (तालाब) में कूदकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर पुलिस सोमवार तड़के मौके पर पहुंची और महिला के शव को कब्जे में लिया। कुछ ही देर बाद गोताखोर प्रगट सिंह की टीम की मदद से युवक का शव भी तालाब से बरामद किया गया।
मृतकों की पहचान रणदीप सिंह (35) व उसकी पत्नी निशा (32) निवासी गांव दबखेड़ा के रूप में हुई है। दंपती के दो छोटे बच्चे हैं, जो घटना के समय घर में ही सो रहे थे। सरपंच प्रतिनिधि स्वर्ण सिंह ने बताया कि जब युवक रणदीप की पहचान हुई तो उसके घर जाकर देखा गया। वहां उसकी पत्नी निशा का शव पड़ा था, जिसके गले में बेल्ट बंधी हुई थी। दोनों बच्चे दूसरे कमरे में सो रहे थे। इसके बाद परिजनों और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवा दिया है।

