Last Updated: October 13, 2026

Dainik Savera Times Logo

हिसार से चंडीगढ़ के लिए हवाई सेवा हुई शुरू; CM नायब सैनी ने किया उद्घाटन, पहली फ्लाइट में खुद किया सफर

June 9, 2025

हिसार से चंडीगढ़ के लिए हवाई सेवा हुई शुरू; CM नायब सैनी ने किया उद्घाटन, पहली फ्लाइट में खुद किया सफर

चंडीगढ़: महाराजा अग्रसेन एयरपोर्ट, हिसार से अयोध्या के लिए हवाई सेवा शुरू होने के दो महीने से भी कम समय बाद अब चंडीगढ़ के लिए भी हवाई सेवा शुरू हो गई है। हवाई सेवा का औपचारिक उद्घाटन आज मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले दिनों में चरणबद्ध तरीके से हवाई सेवाओं का विस्तार किया जाएगा तथा हिसार से जयपुर, जम्मू व अहमदाबाद के लिए हवाई सेवाएं शुरू की जाएंगी।

नायब सिंह सैनी ने कहा कि यह हरियाणा के लिए गौरव का दिन है क्योंकि यह हवाई अड्डा हरियाणा का पहला हवाई अड्डा है जिसे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हरियाणा की जनता को समर्पित किया है। प्रधानमंत्री का सपना है कि देश का आम नागरिक भी हवाई सेवा का लाभ उठा सके और पिछले 11 वर्षों में इस सपने को कई मायनों में साकार किया गया है।

प्रधानमंत्री ने बाबा साहब डॉ. बीआर अंबेडकर जयंती के अवसर पर हिसार से अयोध्या के लिए हवाई सेवा को हरी झंडी दिखाई थी। आज यहां से दूसरी हवाई सेवा शुरू हुई है, जो चंडीगढ़ के शहीद भगत सिंह एयरपोर्ट को हिसार से जोड़ेगी।

उन्होंने कहा कि इस हवाई अड्डे के कारण हिसार आने वाले समय में उद्योग का हब भी बनेगा और विभिन्न प्रकार की सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिससे इस क्षेत्र का तीव्र गति से विकास होगा।

मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर कटाक्ष करते हुए कहा कि विपक्ष के नेता कहते थे कि महाराजा अग्रसेन एयरपोर्ट तो एक एयरोड्रम है, यहां से उड़ानें शुरू होंगी या नहीं, इसका पता नहीं था। लेकिन सरकार ने अपने वादे के अनुसार हिसार एयरपोर्ट से हवाई सेवाएं शुरू करवाईं और यहां से इन सेवाओं का निरंतर विस्तार किया जाएगा।

नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में केन्द्र सरकार के गौरवशाली 11 वर्ष पूरे हो चुके हैं और इन 11 वर्षों में देश ने जिस गति से प्रगति की है, उसे हर भारतीय ने देखा है।

उन्होंने कहा कि इन 11 वर्षों में भारत ने लगातार ऊपर की उड़ान भरी है। दुनिया में भारत का सम्मान बढ़ा है और वह सशक्त और शक्तिशाली हुआ है। इन 11 वर्षों में देश में 150 से ज्यादा एयरपोर्ट, करीब 2500 विश्वविद्यालय और IIT और IIM जैसे संस्थान बनाए गए हैं।

यह मोदी का भारत है – एक सशक्त और शक्तिशाली भारत। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने संकल्प लिया है कि भारत वर्ष 2047 तक एक विकसित राष्ट्र बन जाएगा और उसी गति से हमारी सरकार हरियाणा को भी विकसित हरियाणा बनाने की दिशा में आगे बढ़ा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में व्यवस्था में बदलाव आया है और गरीब बच्चों को उनकी मेहनत के आधार पर सरकारी नौकरियां मिल रही हैं। हरियाणा में भी पिछले 11 वर्षों में पारदर्शिता के आधार पर योग्य अभ्यर्थियों को नौकरियां मिली हैं, जबकि पहले ‘खर्ची-पर्ची’ प्रणाली पर नौकरियां दी जाती थीं। यह अंतर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में ही देखने को मिला है। उन्होंने कहा कि पिछले 11 वर्षों में हरियाणा में हर 20 किलोमीटर पर एक कॉलेज खोलने का काम किया गया है, ताकि लड़कियों को उच्च शिक्षा के लिए दूर न जाना पड़े। इतना ही नहीं, प्रदेश में 15 मेडिकल कॉलेज बनकर तैयार हो चुके हैं और शेष पर काम चल रहा है। वर्ष 2014 में एमबीबीएस की 700 सीटें थीं, लेकिन आज एमबीबीएस सीटों की संख्या बढ़कर लगभग 2500 हो गई है और वर्ष 2029 तक यह 3500 तक पहुंच जाएगी।

नागरिक उड्डयन मंत्री श्री विपुल गोयल ने कहा कि करीब दो माह पहले प्रधानमंत्री द्वारा महाराजा अग्रसेन हवाई अड्डे, हिसार से औपचारिक रूप से हवाई सेवाओं का शुभारंभ किया गया था, तथा इसी को आगे बढ़ाते हुए आज मुख्यमंत्री ने हिसार से चंडीगढ़ के लिए उड़ान सेवा का शुभारंभ किया है। उन्होंने कहा कि यह सेवा केवल हवाई यात्रा तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे पूरे क्षेत्र के आर्थिक एवं औद्योगिक विकास को गति मिलेगी। इससे न केवल हिसार, बल्कि पड़ोसी राज्यों राजस्थान व पंजाब के अन्य भागों को भी लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि यह उड़ान सेवा हिसार के उद्योगों को मजबूत करने में सहायक सिद्ध होगी तथा आने वाले समय में हिसार एक प्रमुख औद्योगिक केन्द्र के रूप में अपनी पहचान बनाएगा।

ये भी पढ़ें- ‘भारत ने बातचीत के जरिए होर्मुज से कई जहाज निकाले’, लोकसभा में बोले पीएम मोदी

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें