
पानीपत : पानीपत के सिविल अस्पताल में 57 वर्षीय महिला मरीज के साथ अस्पताल के ही सीटी स्कैन टेक्नीशियन द्वारा कथित यौन उत्पीडऩ का मामला सामने आया है। महिला का आरोप है कि टेक्नीशियन ने उसे सीटी स्कैन रूम में अकेले ले जाकर अश्लील हरकतें कीं और करीब चार मिनट तक कमरे में बंद रखा। महिला की तबीयत पहले से खराब थी और वह हृदय संबंधी बीमारी के साथ अन्य स्वास्थ्य समस्याओं से भी जूझ रही थी। परिजनों के मुताबिक जांच के बाद महिला जब कमरे से बाहर आई तो उसकी हालत बेहद खराब थी।
कुछ समय बाद होश में आने पर उसने परिजनों को पूरी घटना बताई। इसके बाद परिजनों ने रात करीब साढ़े 11 बजे डायल.112 पर सूचना दी। पुलिस को दी शिकायत के अनुसार पानीपत की एक कॉलोनी निवासी 57 वर्षीय महिला को रविवार रात करीब साढ़े 9 बजे शरीर में तेज दर्द की शिकायत हुई। परिजन उसे इलाज के लिए सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने जांच के बाद एक्सरे और सीटी स्कैन कराने की सलाह दी। परिजन महिला को सीटी स्कैन रूम तक लेकर गए। महिला का आरोप है कि वहां मौजूद टेक्नीशियन राकेश ने परिजनों को बाहर रोक दिया और उसे अकेले कमरे के अंदर ले गया।
महिला के अनुसार उस समय कमरे में कोई अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद नहीं था। शिकायत में महिला ने आरोप लगाया कि कमरे के अंदर टेक्नीशियन ने उसके साथ अश्लील हरकतें कीं और जबरन कपड़े उतारकर उसके निजी अंगों के साथ छेड़छाड़ की। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी ने उसके होंठों पर कई बार दांत से काटा। महिला के अनुसार वह करीब चार मिनट तक कमरे में रही। उसने बताया कि हार्ट की बीमारी के अलावा उसे शुगर और टीबी की समस्या भी है, जिसके कारण वह घटना के दौरान प्रभावी तरीके से विरोध नहीं कर सकी। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी ने घटना के बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी।
मेष: दिन शुभ रहेगा...