Site icon Dainik Savera Times

गुरुग्राम पुलिस के सब इंस्पेक्टर का कमाल, बेंच प्रेस चैंपियनशिप में जीता ब्रॉन्ज मेडल

गुरुग्राम: हरियाणा पुलिस के सब इंस्पेक्टर ने नेशनल चैंपियनशिप में ब्रॉन्ज मेडल हासिल कर हरियाणा पुलिस का नाम रोशन कर दिया है। यह मेडल गुरुग्राम में तैनात सब इंस्पेक्टर राजबीर सिंह ने 33वे नेशनल बेंचप्रेस चैंपियनशिप में देश के अलग-अलग कोनों से आए खिलाड़ियों को पस्त कर हासिल किया है।

इससे पहले भी राजबीर सिंह ने पिछले साल साउथ अफ्रीका में हुई वर्ल्ड चैंपियनशिप में कांस्य पदक हासिल किया था। दरअसल इस महीने 14 तारीख से लेकर 18 तारीख तक गोवा में 33वीं नेशनल बेंचप्रेस चैंपियनशिप आयोजित की गई थी। जिसमें गुरुग्राम पुलिस की सुरक्षा शाखा में बतौर प्रभारी के पद पर तैनात राजबीर ने भाग लिया और इस प्रतियोगिता में 93 किलोग्राम कैटेगरी में अपनी उच्च कोटि की प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए इस प्रतियोगिता में कांस्य पदक अपने नाम किया।

जिसके बाद गुरुग्राम पुलिस कमिश्नर ने भी राजबीर को सम्मानित किया। राजबीर की माने तो पुलिस की ड्यूटी के साथ- साथ में वह चैंपियनशिप के लिए तैयारी करते हैं। उन्होंने कहा कि वह अब तक 47 मेडल जीत चुके हैं। जिसमें से एक इंटरनेशनल और तीन नेशनल पदक भी शामिल है। राजबीर का लक्ष्य है कि अगले साल अमेरिका में होने वाली वर्ल्ड पुलिस चैंपियनशिप में वह हिस्सा ले और गोल्ड मेडल जीतकर भारत का नाम रोशन कर सके।

Exit mobile version