Site icon Dainik Savera Times

डीजे विवाद में कांस्टेबल की मौत, छह आरोपी गिरफ्तार किए गए

अंबाला। सीरसगढ़ गांव के आंबेडकर भवन में डीजे को लेकर हुए विवाद में हरियाणा पुलिस के कांस्टेबल अमन कुमार की मौत मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छह आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान टिंकू, गौरव, संटी, विशाल, विकास और मोहित के रूप में हुई है। सभी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।

पुलिस के अनुसार, मामले में अन्य आरोपितों की तलाश जारी है और रिमांड के दौरान उनकी भूमिका और पहचान को लेकर पूछताछ की जाएगी।

घटना बुधवार शाम उस समय हुई, जब सीरसगढ़ में आयोजित शादी समारोह में लड़की पक्ष ने शाम पांच बजे डीजे बंद करा दिया था, ताकि अन्य कार्यक्रम आगे बढ़ सकें। इसी दौरान कुछ बाराती नाराज़ हो गए और बहस विवाद में बदल गई। विवाद जल्द ही डंडों और लोहे की रॉड के हमले में तब्दील हो गया।

इसी बीच अमन कुमार, जो अपनी मौसेरी बहन की शादी में परिवार सहित शामिल होने आया था, भवन से बाहर निकलते समय आरोपितों के निशाने पर आ गया। उस पर अचानक हमला कर दिया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उपचार के लिए एमएम मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया, जहां वीरवार सुबह उसकी मौत हो गई।

पुलिस बाकी आरोपितों को पकड़ने के लिए लगातार दबिश दे रही है।

Exit mobile version