
अंबाला। मंगलवार सुबह अंबाला स्थित विशाल मेगा मार्ट में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे मॉल को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार सुबह करीब 9 बजे सबसे पहले मॉल से धुआं उठता दिखाई दिया। इसके बाद कर्मचारियों ने तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी और मॉल का सामान बाहर निकालने में जुट गए। इस बीच आग तेजी से फैलती चली गई।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। शहर, कट्टा और नारायणगढ़ से तीन दमकल वाहन बुलाए गए और करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि फायर कर्मियों का कहना है कि आग सतही तौर पर शांत हुई है, लेकिन मॉल के अलग-अलग हिस्सों में अभी भी धुआं सुलग रहा है, जिसकी अंदर जाकर जांच की जा रही है।
मॉल में कपड़े सहित अन्य सामान बड़ी मात्रा में रखा हुआ था, जिसकी वजह से आग तेजी से फैली और कई फ्लोर इसकी चपेट में आ गए। गर्मी के कारण खिड़कियों के शीशे भी टूटकर बिखर गए।
बलदेव नगर थाना SHO रमेश कुमार ने बताया कि आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।